भाजपा लाएगी लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान
राजनीति
24-Oct-26
तैयारी तेज, रविवार को भाजपा कार्यालय में अहम बैठक

छिंदवाड़ा अपडेट
भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के सफल संचालन को लेकर रविवार को दोपहर 1 बजे जिला भाजपा कार्यालय, छिंदवाड़ा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक कमलेश शाह एवं महापौर विक्रम अहके उपस्थित रहेंगे। बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने अभियान के संचालन एवं निर्धारित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय टोली का गठन किया है। अभियान के जिला संयोजक का दायित्व पूर्व नगर निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी को सौंपा गया है। वहीं, सह-संयोजक के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, जिला मंत्री शैलेन्द्र पटेल, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पटेल, नगर निगम छिंदवाड़ा की पूर्व सभापति श्रीमती आरती खंडेलवाल तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती अमिता बरैया को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान के जिला संयोजक धर्मेंद्र मिगलानी ने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा, अव्यवस्था और भीड़ के दबाव के माध्यम से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली प्रवृत्तियों के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाना है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और असहमति व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन किसी भी विवाद का समाधान हिंसा, धमकी या दबाव के माध्यम से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के दायरे में होना चाहिए। अभियान के माध्यम से कानून के शासन, नागरिकों की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति जनजागरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला टोली अभियान की कार्ययोजना के अनुरूप कार्यक्रमों के संचालन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय तथा अभियान के उद्देश्यों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। रविवार को होने वाली बैठक में आगामी गतिविधियों, कार्यक्रमों के स्वरूप और संगठनात्मक तैयारियों पर विचार-विमर्श कर आगे की कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी। अभियान के तहत लोकतांत्रिक मर्यादाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं और कानून के पालन के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों एवं अपेक्षित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी।