Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अमित सक्सेना के बयान पर भाजपा ने किया पलटवार

अमित सक्सेना के बयान पर भाजपा ने किया पलटवार
राजनीति
24-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना द्वारा भाजपा संगठन, सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि विचारधारा, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन पर आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि जिन्हें संगठन से ज्यादा व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा प्रिय थी, उन्होंने अपना रास्ता चुन लिया हैं। जनसेवा करनी है तो भाजपा में आइए, व्यक्ति सेवा के लिए अनेक राजनीतिक दल हैं।

भाजपा में कोई व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं

जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन सर्वाेपरि है। यहां कोई व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं है और न ही पार्टी की विचारधारा किसी व्यक्ति विशेष की इच्छाओं के अनुरूप चलती है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, जनकल्याण और समाजसेवा के संकल्प के साथ कार्य करता है। पार्टी की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठनात्मक व्यवस्था है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के संगठन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने राजनीतिक दृष्टिकोण और कार्यप्रणाली पर विचार करना चाहिए।

भाजपा में व्यक्तिगत प्रतिष्ठा से अधिक संगठन का सम्मान

भाजपा जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने कहा कि भाजपा में पद से अधिक दायित्व और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा से अधिक संगठन का सम्मान महत्वपूर्ण है। पार्टी की विचारधारा और अनुशासन के प्रति प्रतिबद्धता ही संगठन की मजबूती का आधार है। भाजपा जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है तथा उसका लक्ष्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है ना कि व्यक्तिगत स्वार्थ के प्रतिपूर्ति करना।
Share News On