Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और अवसरवाद पर आधारित नहीं: शुक्ला

भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और अवसरवाद पर आधारित नहीं: शुक्ला
छिंदवाड़ा
27-Feb-26

पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शुरू, 30 मंडलों में होंगे दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर

छिंदवाड़ा

भाजपा ने हमेशा सिद्धांतों और संगठन की शक्ति को सर्वाेपरि रखा है। यही कारण है कि पार्टी ने कठिन संघर्षों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और अवसरवाद पर आधारित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन और विकास के स्पष्ट एजेंडे पर आधारित है। आज भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, तो उसका कारण केवल चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि मजबूत वैचारिक आधार और समर्पित कार्यकर्ताओं की तपस्या है। उन्होंने कहा कि इन्हीं आदर्शों और सिद्धांतों के बल पर भाजपा ने केंद्र और प्रदेश में स्थायी और मजबूत सरकार बनाई तथा देश और प्रदेश को निर्णायक नेतृत्व प्रदान किया।  यह बात भाजपा जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी स्थापना काल से ही विचार आधारित राजनीति की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त आंदोलन है, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन से प्रेरित होकर आगे बढ़ी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रशिक्षण न केवल हमारे व्यक्तिगत जीवन में सुधार लाता है, बल्कि यह हमें नये दृष्टिकोण और सोच के आयाम भी प्रदान करता है। यह हमें अपने गुणों को पहचानने और उन्हें निखारने का महत्वपूर्ण अवसर देता है। हर्रई विधायक कमलेश शाह ने कहा कि यह प्रशिक्षण हमें अपने अंदर के गुणों को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर देता है। इससे हम जीवन के हर क्षेत्र में प्रगति कर सकते हैं और अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं। यह प्रशिक्षण न केवल एक प्रक्रिया है, बल्कि एक प्रेरणादायक और सुखद अनुभव है, जो हमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

प्रशिक्षण महाअभियान के संभाग प्रभारी विजय झांझरी ने पीपीटी प्रजेंटेशन एवं एआई की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को तराशने की प्रक्रिया है। जो व्यक्ति व कार्यकर्ता सीखता है वह आगे बढ़ता है, जो सीखना बंद कर देता है, उसका आगे बढ़ना भी रूक जाता है। व्यक्ति निर्माण से ही संगठन का निर्माण होता है। यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व तीनों स्तरों पर समृद्ध करेगा। हमारा उद्देश्य यह है कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता तक संगठन की कार्यपद्धति और विचारधारा की स्पष्ट जानकारी पहुंचे। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर और 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 

कार्यशाला का संचालन करते हुए भूमिका एवं प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्देश्य विषय की जानकारी कमलेश उइके ने दिया, प्रियवर सिंह ठाकुर ने प्रजेंटेशन के जरिए पंच परिवर्तन व राजेश श्रीवास्तव ने नवाचारों को लेकर प्रजेंटेशन के जरिए जानकारी दी, आभार प्रशिक्षण महाअभियान की जिला सहसंयोजक श्रीमती भारती साहू ने व्यक्त किया। प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, महापौर, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं मंडल की प्रशिक्षण टोली के सदस्य सहित अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Share News On