किसानों के बीच पहुंचकर भाजपा नेता सुनेंगे ‘मन की बात’
छिंदवाड़ा
30-May-26
जिलेभर में 100 से अधिक स्थानों पर होंगे विशेष आयोजन
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के आगामी 134वें संस्करण के प्रसारण को जिलेभर में विशेष रूप से किसानों एवं अन्नदाताओं के साथ सुनने की व्यापक तैयारी की गई है। भाजपा संगठन द्वारा इस बार कार्यक्रम को कृषि एवं किसान हितों से जोड़ते हुए जिले के 100 से अधिक स्थानों पर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। इन आयोजनों में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता किसानों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनेंगे तथा उनके संदेशों पर चर्चा करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के विचारों का श्रवण करेंगे। इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ग्राम कुहिया में आयोजित कार्यक्रम में किसानों एवं अन्नदाताओं के साथ उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्रधानमंत्री के मार्गदर्शक विचारों से जोड़ना, कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी पहुंचाना तथा ग्रामीण विकास एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाना है। भाजपा संगठन का मानना है कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक सशक्त माध्यम है, जो समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ता है। किसानों के साथ आयोजित किए जा रहे ये विशेष कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ अन्नदाताओं के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी अवसर प्रदान करेंगे।
मन की बात के 134वें संस्करण कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर प्रभारी बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 31 मई को होने वाला 134वां एपिसोड जिला पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों सहित मंडलों के पदाधिकारीगण, बूथ अध्यक्ष एवं जिले के सभी बूथों तथा विभिन्न स्थानों पर किसानों के साथ श्रवण करेंगे।
भाजपा संगठन ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं, किसानों एवं आम नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता कर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनने और इस जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।