भाजपा किसान मोर्चा ने लिया 11 हजार पौधारोपण का संकल्प
राजनीति
23-Aug-26
बलराम जयंती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तक जिलेभर में होगा पौधारोपण

छिंदवाड़ा
भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों की कामकाजी बैठक जिला भाजपा कार्यालय, छिंदवाड़ा में संपन्न हुई। बैठक में किसान मोर्चा के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में किसान मोर्चा द्वारा बलराम जयंती 2 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर तक पूरे जिले में 11,000 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। पौधारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसान मोर्चा का प्रत्येक पदाधिकारी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर किसान परिवारों के बीच उपस्थित रहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुनेंगे। इसके साथ ही किसान परिवारों से संवाद कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की जाएगी। बैठक के पश्चात किसान मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं सांसद विवेक बंटी साहू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष संदीप रघुवंशी, जिला उपाध्यक्ष रामसिंह पटेल, डॉ. कामेंद्र ठाकुर, राजू पवार, मुकेश यादव, जिला महामंत्री इंद्रपाल साहू, सत्यनारायण चौरिया, मंत्री कृपाल सिंह, चंपालाल सूर्यवंशी, करण यदुवंशी, कोषाध्यक्ष संतोष वर्मा, सतीश राय, दुबेराम चंद्रवंशी, वीरेनलाल यादव, पंकज दुबे, गगन साहू, अजय सूर्यवंशी, आदर्श सक्सेना, अजीत सूर्यवंशी, डॉ. मनोज चौरसिया, वैभव जैन एवं दिलीप वर्मा सहित किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।