Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भाजपा ने किसानों से अन्याय किया, युवाओं को ठगा और माताओं-बहनों से झूठ बोला: नकुलनाथ

भाजपा ने किसानों से अन्याय किया, युवाओं को ठगा और माताओं-बहनों से झूठ बोला:  नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
21-Mar-26
पांढुर्ना के धनौरा (नांदनवाड़ी) व चिचोलीबड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले नकुलनाथ

छिन्दवाड़ा

जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ अपने पूर्व निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार पांढुर्ना जिले के ब्लॉक कांग्रेस धनौरा (नांदनवाड़ी) एवं उप ब्लॉक कांग्रेस चिचोलीबड़ में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में सम्मिलित हुए। उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि माताओं व बहनों से झूठ बोला है। चुनाव से पहले अनेकों वादे और घोषणाएं की, लेकिन सरकार के दो साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं किया।

किसान खाद और बीज के लिए भटकता है और भाजपा के लोग कालाबाजारी करते हैं। किसान खाद मांगता है तो भाजपा की सरकार पुलिस से लाठियां बरसाती है और फिर अपराध दर्ज करवाती है। यह कैसी सरकार है जिसे अन्नदाता का दुख और दर्द नजर नहीं आता। युवाओं की बेरोजगारी दिखाई नहीं देती। उन्होंने भाजपा को घोषणा याद दिलाते हुए कहा 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, अभी कुछ दिन पूर्व ही 60 रुपए से लेकर 116 रुपए तक मूल्य वृद्धि कर दी अब एक सिलेंडर 900 से 950 का है और व्यवसायिक 2000 मूल्य कर दिया, अभी सिलेंडर मिल रहा या नहीं? इन्होंने झूठ बोलने की सारी हदें पार कर दी है। 

कपास व संतरा उत्पादक किसानों पर नहीं सरकार का ध्यान

नकुलनाथ ने पांढुर्ना जिले के कपास व संतरा उत्पादक किसानों की चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार का इस ओर भी ध्यान नहीं है।  एक समय वो भी था जब यहां के संतरे की मिठास विदेशों तक पहुंचती थी। कमलनाथ जी के प्रयासों से रैक लगा करती थी और संतरा उत्पादक किसानों को उपज का अच्छा मूल्य प्राप्त हुआ करता था। कपास का उचित मूल्य प्राप्त होता था, किन्तु अब कपास और संतरा दोनों को ही उचित मूल्य नहीं मिल रहा और किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। कई ट्रेनों का स्टॉपेज पांढुर्ना स्टेशन पर हुआ करता था वह भी बंद कर दिया गया। उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए पांढुर्ना जिले में सभी बूथ कमेटियों के गठन पर पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री जतन उइके व समस्त पांढुर्ना जिला कांग्रेस परिवार को बधाई दी। उपस्थित समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मन लगाकर जमीनी स्तर पर कार्य करने की अपेक्षा की।  

आयोजित दोनों ही सम्मेलन में पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उइके, पांढुर्ना विधायक निलेश उइके सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठन व मोर्चा संगठन के जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष सहित समस्त कांग्रेस पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।  
Share News On