राज्य स्तर पर करेगी जिले का प्रतिनिधित्व भतोड़ियाकला स्कूल की टीम
शिक्षा
08-Aug-26
जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता
382 स्कूलों के 1,146 विद्यार्थियों ने लिया था हिस्सा

छिन्दवाडा
मध्यप्रदेश की अद्भुत धरोहरों, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और पर्यटन स्थलों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन आज शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में किया गया। प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के 382 स्कूलों की 382 टीमों के कुल 1,146 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के लिए 418 टीमों ने पंजीयन कराया था, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।
पर्यटन क्विज में मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, संस्कृति, नदियों, झरनों, मंदिरों, किलों और महलों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। अर्धनारीश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर, हनुमान लोक, हिंगलाज माता मंदिर सहित प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आधारित प्रश्नों ने प्रतियोगिता को रोचक बनाया।
जिला शिक्षा अधिकारी जेके इड़पाचे ने बताया कि पर्यटन क्विज में पूरे मध्यप्रदेश में सर्वाधिक विद्यार्थी छिंदवाड़ा से शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसके बाद लिखित परीक्षा में चयनित छह स्कूलों के 18 विद्यार्थियों के बीच मल्टीमीडिया क्विज राउंड आयोजित किया गया। क्विज मास्टर धीरेंद्र दुबे ने आकर्षक एवं रोचक शैली में प्रश्न पूछकर प्रतियोगिता का संचालन किया।
आयोजन को सफल बनाने में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र साहू, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य अब्दुल हक खान, मध्यप्रदेश पर्यटन के पर्यवेक्षक असद खान, विनोद तिवारी, बलराम राजपूत, संजय मोहोड, मुरलीधर राव, राजेश मंडराह, शाहिद अंसारी, दीपक साहू, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी तथा स्कोरर जितेंद्र अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सक्रिय योगदान रहा।
प्रतियोगिता के विजेता
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भतोड़ियाकला, जुन्नारदेव की टीम ने प्राप्त किया। टीम के रिद्धि सूर्यवंशी, यशिका पाल और पल्लवी सूर्यवंशी अब भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। द्वितीय स्थान शासकीय सांदीपनि विद्यालय गुरैया की टीम के नंदिता वर्मा, प्रथम जैन और निनाद रघुवंशी ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय जुन्नारदेव की टीम के वंश साकल्ले, सुरभि यादव और जारा अंसारी को मिला। चतुर्थ स्थान (उपविजेता) संत श्री आसाराम गुरुकुल, छिंदवाड़ा के रामानुज डाइफोड़े, तन्मय गौर और ऋषभ ठाकरे ने प्राप्त किया। पांचवां स्थान सरस्वती शिशु मंदिर, पांढुर्णा के वेदांत भादे, भुवन पराडकर और सृष्टि यादव ने हासिल किया। षष्ठम स्थान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जुन्नारदेव की रोहिणी साहू, रंजीता यदुवंशी और नव्या यदुवंशी ने प्राप्त किया।