Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

बैंक ऑफ इंडिया में लूट की नाकाम कोशिश

बैंक ऑफ इंडिया में लूट की नाकाम कोशिश
क्राइम
27-Jun-26
रस्सी बम से दहशत फैलाने का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा

परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में शनिवार दोपहर लूट की एक बड़ी साजिश स्थानीय लोग एवं बैंक कर्मचारियों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाकाम हो गई। दो बदमाश कथित तौर पर बैंक में लूट की नीयत से पहुंचे थे और लोगों में दहशत फैलाने के लिए रस्सी बम जैसे विस्फोटक उपकरण का इस्तेमाल करने का प्रयास किया।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मोहर्रम और शनिवार -रविवार को बैंक की छुट्टी घोषित है लेकिन शनिवार को बैंक मैनेजर के कहने पर बैंक कर्मचारी लक्ष्मण कुमार कोलार बैंक आए थे।  बैंक का मेन गेट खोला तो वह पहले से ही खुला था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक पहुंचे घटनास्थल

पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय भी जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी श्री पांडेय ने घटना स्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया एवं सीसीटीवी फुटेज भी देखे। श्री पांडेय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही दूसरा आरोपी भी पकड़ लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपी को पकड़ते समय एसआई नारायण बघेल चोटिल हो गए जिनका उपचार किया गया।

पकड़े जाने पर किया जानलेवा हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पकड़े गए आरोपी ने खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने अपने पास मौजूद नुकीले हथियार से हमला कर दिया। हमले में पुलिस टीम के सदस्य सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई, जिसके बाद उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में उसे कोतवाली थाना ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

बड़ी वारदात की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी बैंक में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाकर आए थे। बैंक परिसर में संदिग्ध सामग्री मिलने और रस्सी बम के उपयोग की सूचना के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। जब्त सामग्री की जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपियों की वास्तविक मंशा क्या थी।

फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस

कोतवाली पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उनके संपर्कों और घटना में इस्तेमाल सामग्री की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सतर्कता से टली बड़ी घटना

इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय नागरिकों और बैंक कर्मियों की सतर्कता और साहस की अहम भूमिका रही। समय रहते सूचना मिलने और लोगों के सहयोग से पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिससे संभावित बड़ी वारदात टल गई। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बैंक परिसर के आसपास अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।
Share News On