बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लिए निकली जागरूकता रैली
छिंदवाड़ा
19-Sep-26
छिंदवाड़ा

उमरिया ईसरा के हायर सेकेंडरी स्कूल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश कुमार शिवहरे के निर्देशन, परियोजना अधिकारी श्याम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और समाजसेवी मनोज ठाकुर की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
भ्रूणहत्या पर चिंता समाज में बेटों को प्राथमिकता देने और प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण के माध्यम से होने वाली कन्या भू्रणहत्या को रोकने के लिए जागरूक किया गया। छात्रों को घरेलू हिंसा से सुरक्षा, शासकीय योजनाओं और महिला अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही, जिले में लिंगानुपात सुधारने हेतु स्वयंसेवकों को सशक्त करने पर जोर दिया गया। बेटियों को परिवार पर बोझ न समझा जाए, इसके लिए शासन की लाडली लक्ष्मी योजना के महत्व को रेखांकित किया गया। प्राचार्य अरुण गुप्ता ने कहा कि बेटियों के जन्म पर खुशी मनाएं और उन्हें बिना भेदभाव के शिक्षा व पोषण के समान अवसर दें। आयोजन के अंत में विद्यालय परिसर से बाजार चौक और पंचायत भवन तक छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप रघुवंशी, सुखमन ऊईके, उमाकांत बर्मन सहित विद्यालय स्टाफ एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा शर्मा का सराहनीय योगदान रहा।