आज से आषाढ़ मास शुरू, 10 जुलाई तक रहेगा मास
धर्म
12-Jun-25
इसी मास में शुक्ल पक्ष की एकादशी को योग निद्रा में जाएंगे भगवान विष्णु
छिंदवाड़ा
भारतीय कालगणना के अनुसार हिंदी पंचांग का चौथा महीना आषाढ़ आज गुरूवार, 12 जून से शुरू हो गया है। तिथियों के अनुसार चलने वाला ये मास 10 जुलाई तक रहेगा। वैसे तो कल यानी 11 जून की दोपहर 1.15 बजे से आषाढ़ के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि शुरू हो गई थी, जो कि आज 12 जून की दोपहर 2.28 बजे तक है। इसलिए 12 जून की सुबह सूर्याेदय के समय आषाढ़ के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि होने से नए महीने की शुरुआत आज से मानी गई है।
इसी मास में योग निद्रा में जाते हैं भगवान विष्णु
आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी (6 जुलाई) से भगवान विष्णु चार माह के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। इसलिए इसे देवशयनी एकादशी कहते हैं, इसके बाद चार माह तक भगवान शिव सृष्टि का संचालन करते हैं। इस मान्यता के कारण आषाढ़ मास में विष्णु जी और शिव जी का विशेष पूजन करने की परंपरा है।
चार मास नहीं होंगे शुभ कार्य
आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानि 6 जुलाई के बाद भगवान विष्णु चार माह के लिए योग निद्रा में चले जाएगा जिसे देवशयनी एकादशी भी कहते हैं। इसके बाद चार माह तक विवाह आदि शुभकार्य नहीं होंगे।
भगवान शिव की होगी आराधना
इन चार मास में भगवान शिव ही सृष्टि का कार्यभार देखते हैं। इन दिनों भगवान शिव की पूजा अर्चना भी ज्यादा होती है। सावन मास तो संपूर्ण रूप से भगवान शिव को ही समर्पित होता है। अमरनाथ यात्रा भी इन्हीं दिनों होती है। रामायण पाठ भी भक्तगण इन दिनों में करते हैं। इसके अलावा हिंदूओं के महत्वपूर्ण अन्य तीज त्योहार भी इन्हीं दिनों में संपन्न होते हैं।
गर्मी और बारिश के संधिकाल में आता है आषाढ़ मास
अभी गर्मी और बारिश के संधिकाल का समय चल रहा है। ग्रीष्म ऋतु खत्म होगी और वर्षा ऋतु की शुरुआत आषाढ़ मास से ही होती है। मौसमी परिवर्तन के समय जीवन शैली में की गई लापरवाही की वजह से मौसमी बीमारियां हावी हो जाती हैं। ऐसे में बेहतर स्वास्थ्य के लिए हमें खान-पान और जीवन शैली को लेकर सतर्क रहना चाहिए।