Home News Helpline Classified Jobs About Contact

यूरिया नहीं मिलने पर आक्रोशित किसानों ने किया चक्का जाम

यूरिया नहीं मिलने पर आक्रोशित किसानों ने किया चक्का जाम
कृषि जगत
13-Aug-26
खाद की नियमित और सुचारू उपलब्धता नहीं होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

छिन्दवाड़ा

चौरई ब्लॉक सहित जिले के सभी ब्लॉकों में यूरिया की अनुउपलब्धता के चलते किसान बेहद परेशान है। मौजूदा खाद की कालाबाजारी और सुव्यवस्थित वितरण प्रणाली नहीं होने के कारण किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है। आक्रोशित किसान भाइयों ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चौरई के तत्वावधान में वितरण केन्द्र के ठीक सामने चक्का जाम कर विशाल आंदोलन किया। यह वही जिला है जहां माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी के कार्यकाल में क्षमता से अधिक और समय से पूर्व खाद पहुंचता था, किन्तु आज परिस्थितियां बिल्कुल विपरित है, जिसका खामियाजा किसान भाइयों को भुगतना पड़ रहा है।

विदित हो कि विगत दिनों भी खाद की कमी को लेकर चौरई के हजारों किसान भाई सड़क पर आए थे, जिसके बाद खाद का वितरण किया गया, किन्तु व्यवस्था में किसी प्रकार का कोई सुधार नहीं हुआ। अनियमित वितरण प्रणाली और कर्मचारियों द्वारा ही अधिक दरों पर खाद का विक्रय किए जाने की सूचना सतत रूप से कांग्रेस को प्राप्त हो रही थी जिसके विरोध में ब्लॉक कांग्रेस चौरई द्वारा विधायक चौधरी सुजीत सिंह की उपस्थिति में हजारों किसान भाइयों ने वितरण केंद्र के सामने विशाल आंदोलन किया।

विधायक श्री चौधरी ने प्रत्येक समस्या पर पहले किसान भाइयों से बातचीत की जिसके उपरांत उन्होंने प्रशासन से चर्चा कर 2 बोरी खाद प्रति एकड़, सुबह 9 बजे से वितरण एवं 4 मशीनों से किसान एवं आधार का सत्यापन करने के साथ-साथ कर्मचारियों द्वारा की जा रही कथित कालाबाजारी रोकने अनुविभागीय दंडाधिकारी प्रभात मिश्रा से चर्चा की, उन्होंने विपणन कर्मचारियों से समन्वित प्रयास सुनिश्चित किया। कांग्रेस ने इस दौरान साफ तौर पर चेतावनी दी कि राजस्व, कृषि एवं विपणन विभागों को सुचारू व्यवस्था बनाए अन्यथा जल्द ही उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन और प्रशासन की होगी।
Share News On