Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मतदाता सूची संशोधन को लेकर कांग्रेस कार्यालय में हुई अहम बैठक

मतदाता सूची संशोधन को लेकर कांग्रेस कार्यालय में हुई अहम बैठक
राजनीति
12-Jun-26
15 जून तक नगरीय निकायों व पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जोड़े व हटाए जाएंगे

छिन्दवाड़ा

शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर मतदाता सूची में किए जा रहे संशोधन को लेकर चर्चा की गई। सूची को पढ़ने और नाम जोड़ने, हटाने व सुधारवाने की प्रक्रिया में कांग्रेस पदाधिकारियों की भूमिका पर मंथन किया गया।  

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के फोटोयुक्त मतदाता सूची के संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार 15 जून तक नगरीय निकायों और पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन के लिए आवेदन (दावे/आपत्तियां) किए जा सकते हैं।

वरिष्ठ नेता गंगाप्रसाद तिवारी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग नाम जुड़वाने में सक्रिय है। नाम हटाये जाने की जानकारी भी जुटा रहे, लेकिन क्या भाजपा कहां कितने नाम जुड़वा रही है इस पर ध्यान है ? उन्होंने उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सुझाव देते हुए कहा कि नाम जोड़ने व हटवाने की प्रक्रिया से इतर अन्य क्षेत्रों पर भी गम्भीरता से ध्यान दें ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी ना हो।

कांग्रेस की मतदाता सूची के प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने मतदाता सूची में जारी संशोधन की बारीकियों से उपस्थित पदाधिकारियों को अवगत कराया साथ ही कहा कि दावे आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा। 18 जुलाई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचन आयोग की ओर से किए गए इस संशोधन की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने का कार्य करें साथ ही नाम जोड़ने अथवा हटाने एवं संशोधन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में प्रशासन के साथ ही आम नागरिकों की मदद करें।

आयोजित बैठक को गोविंद राय, सुरेश कपाले एवं गुरूचरण खरे ने भी सम्बोधित किया। मंच संचालकन शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो के द्वारा किया गया। बैठक में शहर कांग्रेस के समस्त उप ब्लॉक अध्यक्षगण, प्रभारीगण, बीएल सहित समस्त मोर्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्षगण उपस्थित रहे।
Share News On