Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सभी विभाग आयुष्मान भारत एवं पीएम राहत योजना को गंभीरता से लें: कलेक्टर

सभी विभाग आयुष्मान भारत एवं पीएम राहत योजना को गंभीरता से लें: कलेक्टर
छिंदवाड़ा
08-Jul-26
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभागीय समन्वय पर दिया गया विशेष जोर

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में बुधवार को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय छिंदवाड़ा के द्वितीय तल स्थित लेक्चर हॉल क्रमांक-4 में आयुष्मान भारत एवं पीएम राहत योजना विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध प्रक्रियाओं तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराना रहा।

रोगी पंजीयन से क्लेम तक प्रक्रिया को समझाया

सीएमई के दौरान आयुष्मान नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु सिंह ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत रोगी पंजीयन, प्री-ऑथराइजेशन, उपचार, डिस्चार्ज एवं क्लेम प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्री-ऑथराइजेशन के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होना अनिवार्य है तथा निर्धारित समय-सीमा में समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण किए जाने से पात्र मरीजों को बिना किसी बाधा के उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने केस शीट, चिकित्सकीय अभिलेख एवं जांच रिपोर्ट को पूर्ण एवं त्रुटिरहित रखने, डिस्चार्ज के सात दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेज आयुष्मान पोर्टल पर अपलोड करने तथा सभी प्रक्रियाओं का संचालन मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

सड़क दुर्घटना मामले में पीएम राहत योजना की दी जानकारी

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ.राहुल सूर्यवंशी एवं डीएसपी ट्रैफिक द्वारा पीएम राहत योजना के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) के माध्यम से सड़क दुर्घटना पीड़ितों का पंजीयन, उपचार, क्लेम एवं भुगतान की प्रक्रिया संचालित की जाती है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट (ई-डीएआर) पोर्टल पर पुलिस द्वारा दुर्घटना संबंधी जानकारी दर्ज की जाती है। टीएमएस एवं ई-डीएआर के एकीकृत संचालन से पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने, दावों के सत्यापन तथा अस्पतालों को भुगतान की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं त्वरित बनाती है।

सभी विभागों के समन्वय पर कलेक्टर ने दिया जोर

इस अवसर पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने कहा कि आयुष्मान भारत एवं पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिला इन योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर कार्य कर रहा है तथा सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के संयुक्त प्रयासों से इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। कलेक्टर श्री नारायन ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस विभाग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राहवीर योजना के प्रभावी संचालन में पुलिस द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता एवं उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।

कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, आयुष्मान मित्रों एवं संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के संचालन में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दस्तावेजीकरण, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन तथा विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के प्रभावी सहयोग से पात्र हितग्राहियों को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयुष्मान भारत एवं पीएम राहत योजना के अंतर्गत क्लेम का समयबद्ध एवं सफल निपटान भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में डीन डॉ.अभय कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नरेश गोन्नाडे, सिविल सर्जन डॉ.कंचन दुबे, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ.विपिन जैन, आरएमओ डॉ. हर्षवर्धन कुडापे सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आयुष्मान मित्र एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Share News On