Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आईआईटी दिल्ली के सहयोग से होगी एआई एवं फिनटेक ट्रेनिंग

आईआईटी दिल्ली के सहयोग से होगी एआई एवं फिनटेक ट्रेनिंग
शिक्षा
31-Aug-26
1 सितंबर दोपहर 12 बजे तक होंगे पंजीयन

7 सितंबर को होगी प्रवेश परीक्षा 

एआई एवं फिनटेक दोनों के लिए 16-16 विद्यार्थियों का होगा चयन 

छिन्दवाडा 

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी पीजी महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से अंतिम वर्ष एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी सीवी निर्माण, स्वॉट विश्लेषण, कम्युनिकेशन स्किल तथा ग्रुप डिस्कशन जैसी महत्वपूर्ण दक्षताओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं छात्राएं फैशन डिजाइनिंग प्रशिक्षण के माध्यम से नवीन डिजाइनों एवं ट्रेंड्स की जानकारी हासिल कर रही हैं।

संभागीय नोडल अधिकारी स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना डॉ.पी.एन.सनेसर ने बताया कि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद के मार्गदर्शन में विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं आईआईटी दिल्ली के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत महाविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं फिनटेक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रारंभ किया जा रहा है, जिसकी पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। महाविद्यालय के स्नातक अंतिम वर्ष एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी उक्त प्रशिक्षण के लिए पात्र हैं। इच्छुक विद्यार्थी 1 सितंबर तक एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ दोपहर 12 बजे साइंस बिल्डिंग स्थित कंप्यूटर विभाग में उपस्थित होकर पंजीयन करा सकते हैं।

पंजीयन के बाद 7 सितंबर को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। एआई एवं फिनटेक दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 16-16 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को महाविद्यालय में ही ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 15 सितंबर से होगा।

Share News On