तीन दिनों के लिए कृषि उपज मंडी में रहेगा अवकाश
कृषि जगत
01-Oct-26
गुरूवार 1 अक्टूबर को कुल 6,726 क्विंटल की आवक दर्ज

छिंदवाड़ा अपडेट
कृषि उपज मंडी समिति छिंदवाड़ा द्वारा जारी 1 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, मंडी प्रांगण में कुल 346 अनुबंधों के तहत 6,726 क्विंटल विभिन्न फसलों की अनुमानित आवक दर्ज की गई है। मंडी में सर्वाधिक आवक 5,010 क्विंटल गेहूँ की रही, जिसका मॉडल भाव रूपए 2,740 प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। इसके अलावा, 1,561 क्विंटल मक्का (मॉडल दर रूपए 2,625), 84 क्विंटल सोयाबीन (मॉडल दर रूपए 5,200) और 31 क्विंटल चना (मॉडल दर रूपए 6,202) की मंडी में बिक्री हुई। अन्य जिंसों में उड़द रूपए 9,000, मूंग रूपए 7,851, तुअर रूपए 8,771 और सरसों रूपए 8,000 प्रति क्विंटल के मॉडल भाव पर बिकी। इस बीच मंडी प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सूचना के मुताबिक, 2 अक्टूबर (शुक्रवार) को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में शासकीय अवकाश होने के कारण मंडी प्रांगण में क्रय-विक्रय का समस्त कार्य बंद रहेगा। इसके साथ ही शनिवार एवं रविवार को भी मंडी में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मंडी में वाहनों के प्रवेश की समय-सीमा रात्रि 12 बजे से (लोडिंग समाप्ति के पश्चात) सुबह 9.30 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि उपजों की नीलामी प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी