कमलनाथ के बाद अब सांसद लापता पोस्टर वार से गरमाई सियासत
राजनीति
02-Jul-26
भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया को बनाया नया अखाड़ा
पोस्टरों से चल रही कार्यकर्ताओं की राजनीतिक जंग
छिंदवाड़ा
जिले की राजनीति में इन दिनों सोशल मीडिया पोस्टर वार चर्चा का विषय बना हुआ है। जिला मुख्यालय में चल रहे जल संकट के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्तमान विधायक कमलनाथ के लापता पोस्टर सोशल मीडिया में वायरल किए थे इसी के जवाब में अब कांग्रेस कार्यकर्तओं ने भाजपा सांसद बंटी विवेक साहू के लापता होने के पोस्टर सोशल मीडिया में वायरल किए हैं।
दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस विकास कार्यों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर पोस्टरों और सोशल मीडिया अभियानों के जरिए एक-दूसरे पर राजनीतिक निशाना साध रहे हैं। एक पक्ष जनप्रतिनिधियों की क्षेत्र में सक्रियता पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरा इसे केवल सस्ती राजनीतिक लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास बता रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि पोस्टरों की यह लड़ाई अब सड़कों से ज्यादा मोबाइल स्क्रीन पर लड़ी जा रही है। हर नए पोस्टर के साथ समर्थक उसे वायरल करने में जुट जाते हैं और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो जाता है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आने वाले समय में यह पोस्टर वार और तेज हो सकता है। फिलहाल इतना तय है कि छिंदवाड़ा की सियासत में मुद्दों के साथ-साथ लापता पोस्टर भी चर्चा के केंद्र में हैं।
क्या कहते हैं भाजपा नेता संतोष पटेल
सांसद प्रतिनिधि संतोष पटेल ने कहा कि 8 मई को घोघरा ग्राम में सांसद बंटी विवेक साहू ने अरविंद सूर्यवंशी के पुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होते हुए परिवारजनों से आत्मीय भेंट की थी, इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों के साथ चाय पीते हुए क्षेत्र के विकास पर चर्चा की थी। विधायक कमलनाथ और कांग्रेसियों ने ग्राम घोघरा के मासूम बच्चों का सहारा लेते हुए उनके हाथों में अपने द्वारा बनाए गए पोस्टर थमाकर झूठ की राजनीति को फिर से शुरू करते हुए लोगों को गुमराह करने का काम किया है।
ये भी पढ़िए कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने क्या कहा
कांग्रेस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पिछले 40 सालों से जिले के लोगों के सुख-दुख में शामिल रहे हैं। आज जिले का जो विकास है वो भी उन्हीं की देन है। रहा सवाल जल संकट का तो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बनाए गए कन्हरगांव डेम के पानी से ही छिंदवाड़ा की प्यास बुझती रही है। भाजपा द्वारा शासित नगर निगम के कारण लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वे अपनी नाकामी का ठिकरा कांग्रेस पर नहीं फोड़ सकते।