बारिश में भी जारी रही सांसद बंटी विवेक साहू की दुसरे दिन की पदयात्रा
राजनीति
02-Jul-26
3 जुलाई को पदयात्रा बींझावाड़ा से शुरू होगी जो कि शाम को ग्राम बखारी पहुंचेगी
छिन्दवाड़ा
कहा जाता है कि सच्चे मन और निष्ठा के साथ की गई प्रार्थना को भगवान अवश्य सुनते है। कुछ ऐसा ही गत दिनों देखने को मिला। अपनी छिंदवाड़ा से मैहर तक की 375 कि.मी. की 14 दिवसीय धार्मिक पदयात्रा शुरू करने के पहले सांसद बंटी विवेक साहू ने मां शारदा से जिलेवासियों के लिए खुशहाली की कामना के साथ ही शहर सहित जिलेभर में बारिश कराने की प्रार्थना की थी। सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने सैकड़ों पदयात्रियों के साथ पदयात्रा शुरू करने के कुछ घंटों बाद ही छिंदवाड़ा शहर सहित जिलेभर में बारिश का दौर शुरू हो गया था। बारिश होने से जहां किसानों के चेहरे खिल गए है वहीं आमजनों ने भी राहत की सांस ली है।
अपने दृढ़ संकल्प के साथ 14 दिवसीय पदयात्रा पर निकले सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने सैंकड़ों पदयात्रियों के साथ में दूसरे दिन की पदयात्रा की शुरूआत श्री रामेश्वरम धाम सिहोरामाल से गुरूवार की सुबह बारिश के बीच ही शुरू कर दी थी। चौरई पहुंचने पर पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे सहित भाजपा के मंडल अध्यक्षों और तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने सांसद बंटी विवेक साहू सहित सैंकड़ों पदयात्रियों का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान सांसद अपने सैंकड़ों पदयात्रियों के साथ में बारिश के बीच ही सिहोरामाल से बींझावाड़ा तक 30 कि.मी. पैदल चले। रास्ते भर हुई बारिश भी पदयात्रियों के हौसलों को कम नहीं कर सकी थी।
बारिश के दौरान मां शारदा के भजनों के साथ अपने हाथों में छाता लिए सांसद बंटी विवेक साहू और सैंकड़ों पदयात्रियों ने अपनी पदयात्रा निरंतर जारी रखी। अपनी 14 दिवसीय पदयात्रा के दौरान सांसद बंटी विवेक ने गांवों और कस्बों में पढने वाले मंदिरों में विधि विधान से पूजा अर्चना और मंदिरों में माथा टेकते हुए यात्रा की सफलता की कामना की। आज 03 जुलाई को पदयात्रा बींझावाड़ा से शुरू होगी, इस दौरान सांसद श्री साहू अपने सैंकड़ों पदयात्रियों के साथ 30 किमी पदयात्रा करते हुए शाम को बखारी पहुचकर रात्रि विश्राम करेंगे। पदयात्रा के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू का भाजपा के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन भव्य स्वागत व अभिनंदन करते हुए हौसला बढ़ा रहे है।