अधिवक्ता, न्याय व्यवस्था की रीढ़ और समाज के लिए महत्वपूर्ण: बंटी विवेक साहू
छिंदवाड़ा
26-Apr-26
सौसर अधिवक्ता संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संभाला पदभार
छिंदवाड़ा
साैंसर नगर स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ता संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण/ पदभार ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने संबोधन में अधिवक्ता संघ की भूमिका को न्याय व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि अधिवक्ताओं का समाज में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में बेहतर सुविधाओं का होना आवश्यक है, जिससे आमजन को न्याय प्राप्ति में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी उद्देश्य से उन्होंने सांसद निधि से 7 लाख रुपये की सहायता विकास कार्य एवं भवन निर्माण के लिए प्रदान करने की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। नवनियुक्त अध्यक्ष अधिवक्ता दिनेश भकने, उपाध्यक्ष अधिवक्ता नरेंद्र गजभिए, सचिव अधिवक्ता अजय शेंडे, कोषाध्यक्ष अधिवक्ता कविता फरकारे, ग्रंथपाल अधिवक्ता अशोक गावंडे तथा सहसचिव अधिवक्ता दीपाली सीते सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम को विधायक विजय चौरे, सौसर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुरेखा ताई डागा, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दिनेश भकने सहित अन्य ने भी संबोधित किया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान सांसद बंटी साहू द्वारा किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने अधिवक्ता संघ के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की। सभी वक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी तथा अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करते हुए न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट रवि शंकर धुर्वे द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं गरिमा का वातावरण बना रहा, जिससे अधिवक्ता संघ के सदस्यों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष जगेन्द्र अल्डक, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित पोफली, विश्वेंद्र बैंस, अलकेश लांबा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधि शामिल हुए।