Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध: नाथ

जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध: नाथ
कृषि जगत
06-Jul-26
छिन्दवाडा

खरीफ सीजन 2026 में जिले में किसानों द्वारा बोनी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस दौरान मुख्य रूप से मक्का, सोयाबीन, अरहर, मूंग, उड़द और धान की फसलों की बुवाई की जाती है। बोनी के समय किसानों को बेसल डोज के लिए एनपीके, डीएपी, सिंगल सुपर फॉस्फेट और पोटाश उर्वरक की आवश्यकता होती है, जबकि टॉप ड्रेसिंग के लिए यूरिया का उपयोग किया जाता है।

उप संचालक कृषि मोरिस नाथ ने बताया कि जिले के मार्कफेड के सभी डबल लॉक केंद्रों, सहकारी समितियों तथा निजी प्रतिष्ठानों में किसानों की जरूरत के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण उपलब्ध है। समितियों से उर्वरकों का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने के लिए समिति प्रबंधकों और कृषि विभाग के मैदानी अमले को किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों से अपील की गई है कि सहकारी समितियों के सदस्य समय पर उर्वरकों का उठाव करें, ताकि जिले को अधिक से अधिक उर्वरकों का आवंटन प्राप्त हो सके। वहीं, जो किसान नगद भुगतान कर उर्वरक खरीदना चाहते हैं, वे अपने नजदीकी डबल लॉक केंद्र, मार्केटिंग सोसायटी, एमपी एग्रो अथवा निजी उर्वरक विक्रेताओं से उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।

वर्तमान में जिले में 20,309 मीट्रिक टन यूरिया, 13,238 मीट्रिक टन एनपीके, 1,191 मीट्रिक टन डीएपी, 13,688 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फॉस्फेट तथा 3,955 मीट्रिक टन पोटाश उपलब्ध है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में कहीं भी उर्वरकों की कमी नहीं है तथा शासन स्तर से लगातार उर्वरकों की रैक प्राप्त हो रही हैं। आगामी दिनों में जिले को इफको एवं कोरोमंडल की यूरिया रैक भी प्राप्त होने वाली है।
Share News On