जन्मदिवस के बहाने शक्ति प्रदर्शन, नेताओं का प्रभाव कायम
लेख
23-Jun-26
समीक्षक - राम कुमार विश्वकर्मा
सर्वे में चौ. चंद्रभान सिंह को मिली बढ़त, दीपक सक्सेना
छिंदवाड़ा
जिले की राजनीति में हाल ही में दो पूर्व मंत्रियों द्वारा अपने जन्मदिवस के अवसर पर किए गए शक्ति प्रदर्शन ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। जन्मदिवस के बहाने दोनों नेताओं ने अपने पूर्व कट्टर समर्थकों की टोह ली साथ ही शहर में होर्डिंग व अखबारों में दिए गए विज्ञापन के माध्यम से जिले में अपनी पकड़ को परखना चाहा। दोनों नेताओं के प्रतिद्वंदिता किसी से छिपी नहीं है। पहले भी दोनों नेता एक-दूसरे के खिलाफ आमने-सामने चुनाव लड़े हैं और दोनों के बीच जीत-हार भी हुई है। समय के साथ राजनीति में अनेक युवा नेताओं ने भी अपनी पकड़ मजबूती के साथ बना ली है लेकिन इन नेताओं के बीच यह सवाल उठने लगा कि दोनों नेताओं में जनता के बीच किसकी लोकप्रियता अधिक है।

इसी विषय को लेकर किए गए छिंदवाड़ा अपडेट के जनमत सर्वे में पूर्व मंत्री चौ. चंद्रभान सिंह को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दी है। सर्वे के अनुसार 48.1 प्रतिशत लोगों ने चौ. चंद्रभान सिंह को अधिक लोकप्रिय नेता माना, जबकि 23.6 प्रतिशत लोगों ने पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के पक्ष में राय दी। सर्वे में 6.6 प्रतिशत लोगों ने कहा कि इस विषय पर कुछ भी कहना मुश्किल है, वहीं 21.7 प्रतिशत लोगों ने दोनों में से किसी को भी अधिक लोकप्रिय मानने से इनकार किया।
सर्वे के आंकड़े
विकल्प प्रतिशत
चौ. चंद्रभान सिंह 48.1
दीपक सक्सेना 23.6
कुछ कह नहीं सकते 6.6
इनमें से कोई नहीं 21.7
जन्मदिवस कार्यक्रम बने राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का मंच
वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक संदीप चवरे का मानना है कि दोनों नेताओं के जन्मदिवस समारोह केवल शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने अपने-अपने समर्थकों की ताकत दिखाने का भी प्रयास किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, बैनर-पोस्टर, स्वागत कार्यक्रम और सोशल मीडिया अभियानों ने इन आयोजनों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया।
व्यवसायी व चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सुंदर चांडक का कहना है कि चौ. चंद्रभान सिंह के कार्यक्रमों में जहां ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समर्थकों की भागीदारी देखने को मिली, वहीं दीपक सक्सेना के कार्यक्रमों में भी कांग्रेस समर्थकों और पुराने कार्यकर्ताओं की सक्रिय मौजूदगी रही। ये इस बात का प्रमाण है कि दीपक सक्सेना आज भी अपने समर्थकों के साथ-साथ आम जनता की नजर में लोकप्रिय है।
जनता का संदेश क्या है?
सर्वे के नतीजे संकेत देते हैं कि वर्तमान समय में चौ. चंद्रभान सिंह की लोकप्रियता का दायरा अपेक्षाकृत अधिक दिखाई दे रहा है। हालांकि, दीपक सक्सेना को भी लगभग एक चौथाई लोगों का समर्थन मिला है, जो यह दर्शाता है कि जिले की राजनीति में उनका प्रभाव अभी भी कायम है।
वहीं, 21.7 प्रतिशत लोगों द्वारा इनमें से कोई नहीं विकल्प चुनना यह भी दर्शाता है कि जिले का एक बड़ा वर्ग नए नेतृत्व या वैकल्पिक राजनीतिक चेहरों की तलाश में है।
आने वाले समय के लिए संकेत
छिंदवाड़ा अपडेट का जनमत सर्वे केवल लोकप्रियता का एक संकेतक है, लेकिन आगामी चुनावों और राजनीतिक गतिविधियों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क अभियान ही वास्तविक ताकत तय करेंगे। फिर भी जन्मदिवस के बहाने हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दोनों नेता आज भी जिले की राजनीति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं।
नोट - यह आंकड़े एक जनमत सर्वे पर आधारित हैं। सर्वे के परिणाम संबंधित प्रतिभागियों की राय को दर्शाते हैं, इसे किसी चुनावी परिणाम का पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।