50 हजार की रिश्वत लेते सीएचएमओ ऑफिस का बाबू रंगे हाथों पकड़ाया
छिंदवाड़ा
02-Feb-26
किडनी की बीमारी से पीड़ित नर्स के ट्रांसफर के लिए मांगी थी रिश्वत
छिंदवाड़ा
सरकारी सिस्टम अंदर ही अंदर इतना भ्रष्ट हो चुका है कि आम जनता से तो रिश्वत लेते ही है सरकारी कर्मचारियों को भी अपने काम के लिए रिश्वत देनी पड़ती है। इसी का ताजा उदाहरण मंगलवार की दोपहर सीएमएचओ ऑफिस में दिखाई दिया जब स्वास्थ्य विभाग की एक नर्स जो किडनी की बीमारी से जूझ रही है उसे अपने ट्रांसफर के लिए ऑफिस के बाबू को रिश्वत देनी पड़ी। हालांकि पीड़ित नर्स ने बड़े ही साहस का परिचय देते हुए उक्त रिश्वतखोर बाबू को लोकायुक्त के माध्यम से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वा दिया।

रोहना अस्पताल में नर्स के पद पर पदस्थ पुष्पा बरकड़े ने 21 जनवरी 2026 को जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि सीएमएचओ ऑफिस में पदस्थ ऑपरेटर जितेन्द्र यदुवंशी स्थानांतरण के बदले उससे 50 हजार की रिश्वत मांग रहा है। अपने आवेदन में उसने ट्रांसफर के लिए किए अपने समस्त प्रयासों के साथ-साथ बीमारी का भी उल्लेख किया। लोकायुक्त इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरवरिया ने पूरे मामले को समझा और पीड़िता नर्स पुष्पा बरकड़े अपनी योजना अनुसार रिश्वत की राशि मंगलवार दोपहर देने के लिए भेजा। जैसे ही आरोपी ऑपरेटर जितेन्द्र सिंह यदुवंशी ने सीएमएचओ कार्यालय परिसर में रिश्वत की 50 हजार रूपए की रकम ली उसी समय लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।