सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित होगा शिविर
छिंदवाड़ा
16-Jun-25
सिकल सेल रोगियों के लिए तामिया में 19 को लगेगा निःशुल्क होम्योपैथी स्वास्थ्य शिविर
छिंदवाड़ा
विश्व सिकल सेल दिवस 19 जून को मनाया जायेगा। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में सिकल सेल रोगियों के लिए तामिया में होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन छिंदवाड़ा के सहयोग से 19 जून को निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में आने वाले सिकल सेल रोगियों का उपचार,जांच एवं दवाईयों का निःशुल्क वितरण किया जायेगा।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक देश में सिकल सेल रोग को पूरी तरह से समाप्त करना है। इसी उद्येश्य को लेकर छिंदवाड़ा में होम्योपैथी चिकित्सकों के माध्यम से सिकल सेल रोगियों के लिए 19 जून को जनपद पंचायत के पीछे सामुदायिक भवन तामिया में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर में आने वाले सिकल सेल रोगियों का उपचार करते हुए उनकी जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाईयों का वितरण किया जायेगा। इसी के साथ ही 22 जून को सिकलसेल रोगियों के लिए पूजा लॉज छिंदवाड़ा में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निःशुल्क होम्योपैथिक शिविर का आयोजन किया गया है।
सिकल सेल रोगियों के लिए कारगर साबित हो रही होम्योपैथी चिकित्सा
होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन छिंदवाड़ा की अध्यक्ष डॉ.सपना साहू ने बताया कि सिकल सेल रोगियों के लिए होम्योपैथी चिकित्सा कारगर साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि सिकल सेल रोगियों द्वारा नियमित रूप से होम्योपैथिक दवाईयों का सेवन करने से रोगियों को लाभ मिल रहा है। होम्योपैथी दवाईयों के सेवन से सिकल सेल रोगियों को बार-बार होने वाली तकलीफ जैसे सिकल सेल क्राइसिस,हाथ पैर दर्द, पेट दर्द, बार-बार सर्दी खांसी और कमजोरी होने में काफी हद तक कमी आ रही है। इन मरीजों में रक्त की बहुत कमी हो जाती है और उन्हें बार-बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन करना पड़ता है। उसमें भी कमी आ रही है। नियमित दवाईयों का सेवन करने से मरीज बार-बार बीमार नहीं पड़ते है। उन्होंने सिकल सेल रोगियों से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाए।