Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जिले में लगेंगे 76 दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच व मोतियाबिंद शिविर

जिले में लगेंगे 76 दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच व मोतियाबिंद शिविर
राजनीति
25-Jul-26
1 अगस्त से 15 अक्टूबर तक जिलेभर में आयोजन, किसानों को प्राथमिकता

छिंदवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और कृषि कल्याण वर्ष-2026 के उपलक्ष्य में छिंदवाड़ा जिले में 76 दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनाधिकार सेवा समिति और देवजी नेत्रालय (तिलवारा घाट, जबलपुर) की साझेदारी में यह शिविर 1 अगस्त से 15 अक्टूबर तक चलेगा।

शिविर का शुभारंभ 1 अगस्त को बिछुआ मंडल के किशनपुर हनुमान मंदिर से होगा। समापन 15 अक्टूबर को चौरई ग्रामीण मंडल के कपूर्दा माता मंदिर में महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक संबंधित ग्रामों के शासकीय अस्पताल, ग्राम पंचायत भवन या शासकीय विद्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे।

यह अभियान मुख्य रूप से किसान परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंदों के लिए समर्पित है। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पवन स्थापक के मार्गदर्शन में देवजी नेत्रालय की चिकित्सक टीम जांच और ऑपरेशन करेगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष संदीप रघुवंशी ने कहा कि अन्नदाता किसानों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि सपरिवार पहुंचकर निःशुल्क जांच व उपचार का लाभ उठाएं।

शिविर का कार्यक्रम मंडलवार तय है। बिछुआ मंडल में 1 से 12 अगस्त, खमारपानी में 13 से 24 अगस्त, चांद में 25 अगस्त से 2 सितंबर, चौरई ग्रामीण में 3 से 15 सितंबर और उसके बाद कुंडा सहित अन्य प्रमुख केंद्रों में 16 सितंबर से 15 अक्टूबर तक शिविर चलेंगे। इनमें झिलमिली, छिंदवाड़ा, परासिया, तामिया, जुन्नारदेव, अमरवाड़ा, मोहखेड़, सौसर, पांढुर्णा, हर्रई आदि स्थान शामिल हैं।

इस अभियान में प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष जयपाल चावड़ा, संभाग प्रभारी सुमेर सोलंकी, जिला प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, जिला अध्यक्ष डॉ. शेषराव यादव, विधायक कमलेश शाह, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पंडित रमेश दुबे, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष शैलेंद्र पटेल, चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. कृष्णा हर्जानी के साथ कलेक्टर हरेन्द्रनारायण सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, सीएमएचओ, आयुष अधिकारी और स्थानीय सरपंच-सचिवों का सहयोग प्राप्त होगा।
Share News On