Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जिले के 68 ग्रामों में 70 आशा कार्यकर्ताओं का होगा चयन

जिले के 68 ग्रामों में 70 आशा कार्यकर्ताओं का होगा चयन
नौकरियां
19-Nov-26
पात्र महिलाएं 16 दिसंबर तक ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से कर सकेंगी ऑनलाइन आवेदन

छिन्दवाडा अपडेट

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से छिन्दवाड़ा जिले में ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी छिन्दवाड़ा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले के 68 चिह्नित ग्रामों में 70 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा।

16 दिसंबर तक कर सकेंगी ऑनलाइन आवेदन

मध्यप्रदेश शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इच्छुक एवं पात्र महिलाएं मध्यप्रदेश ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि केवल पोर्टल के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं आशा कार्यकर्ता

ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग एवं समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन, नवजात शिशुओं की देखभाल, टीकाकरण तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

21 से 45 वर्ष की विवाहित महिलाएं कर सकेंगी आवेदन

आशा कार्यकर्ता के चयन के लिए आवेदिका का संबंधित ग्राम की निवासी एवं विवाहित महिला होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाली महिला की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 01 नवंबर 2026 की स्थिति में की जाएगी। आवेदिका की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक महिलाएं संबंधित खण्ड चिकित्सा अधिकारी अथवा ग्राम पंचायत के सचिव से संपर्क कर सकती हैं।
Share News On