Home News Helpline Classified Jobs About Contact

‘श्रम संवाद’ कार्यक्रम में दी कर्तव्यों एवं श्रमिक योजनाओं की जानकारी

‘श्रम संवाद’ कार्यक्रम में दी कर्तव्यों एवं श्रमिक योजनाओं की जानकारी
छिंदवाड़ा
19-Nov-26
जिला स्तरीय क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यक्रम ‘श्रम संवाद’ का आयोजन

छिन्दवाडा अपडेट

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में श्रम संहिताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यक्रम ‘श्रम संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य शासन के श्रम विभाग के अधिकारियों, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अधिकारियों तथा उद्योगों एवं अन्य संबंधित पक्षों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

श्रम संहिताओं के प्रावधानों एवं वैधानिक अनुपालनों पर दी जानकारी

कार्यक्रम में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय दल के टीम लीडर एवं निदेशक शिवकांत ने मुख्य वक्ता के रूप में श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों तथा नियोक्ताओं के लिए आवश्यक वैधानिक अनुपालनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रम संहिताओं के माध्यम से श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं बेहतर श्रम व्यवस्था सुनिश्चित करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय सहायक श्रम आयुक्त, छिंदवाड़ा दीक्षित दवे तथा मध्यप्रदेश शासन के सहायक श्रम आयुक्त (राज्य) सूर्यकांत सिरवैया ने परिचयात्मक उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में श्रम संहिताओं का समग्र परिचय, नियोक्ताओं के लिए प्रमुख वैधानिक अनुपालन तथा श्रम कानूनों के अंतर्गत विभिन्न दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों को श्रम संहिताओं के प्रभावी पालन तथा श्रमिकों को उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कर्मचारियों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा का लाभ

कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त कैलाश चन्द्र जोशी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि अंशदान के लिए वेतन सीमा को 15 हजार रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इससे ऐसे अतिरिक्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आने का अवसर मिलेगा, जो पूर्व में निर्धारित वेतन सीमा से अधिक वेतन प्राप्त करने के कारण पीएफ कवरेज से बाहर थे। उन्होंने बताया कि वेतन सीमा में इस वृद्धि से च्ड-टठत्ल् के अंतर्गत पंजीकरण के लिए पात्र कर्मचारियों का दायरा भी विस्तृत होगा। योजना की निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार पात्र नए कर्मचारियों के साथ-साथ उनके नियोक्ताओं को भी योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त करने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।

श्री जोशी ने नियोक्ताओं से अधिकाधिक रोजगार के अवसर सृजित करने तथा पात्र नए कर्मचारियों का पंजीकरण सुनिश्चित कर योजना का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों को, जो अब तक सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर रहे हैं, पात्रता के अनुसार वैधानिक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए नियोक्ताओं को सक्रिय पहल करनी चाहिए। उन्होंने सभी नियोक्ताओं से इस पहल में भागीदारी करने का आग्रह किया, जिससे रोजगार सृजन के साथ श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य को भी आगे बढ़ाया जा सके।

प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की पात्रता एवं पंजीयन प्रक्रिया बताई

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के श्री अंकुर ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की पात्रता, लाभ एवं पंजीयन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने योजना के माध्यम से पात्र श्रमिकों को मिलने वाले लाभों एवं पंजीयन से संबंधित प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

खुले प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान

कार्यक्रम के दौरान आयोजित खुले प्रश्नोत्तर सत्र में उपस्थित प्रतिभागियों ने श्रम संहिताओं एवं विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों, नियोक्ताओं, श्रमिकों एवं संबंधित विभागों के बीच श्रम संहिताओं के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन के लिए आवश्यक समन्वय एवं क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करना रहा।
Share News On