Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

50 फिट चौड़ी नदी में 5 फुट चौड़ा बंधान

50 फिट चौड़ी नदी में 5 फुट चौड़ा बंधान
छिंदवाड़ा
15-Dec-25
फोटो खिंचाने और फाईल बनाने तक सिमटा जन अभियान परिषद

छिंदवाड़ा

आम जनता और केंद्र व राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापना के उद्देश्य को लेकर गठित जन अभियान परिषद केवल फोटो खिंचाने और फाईल बनाने तक सिमट गया है। यहां तक विभिन्न सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा कर इसे अभियान बनाने के लिए दी जा रही शासकीय सहायता की बंदरबांट का खुला खेल चल रहा है। 

सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गठित जन अभियान परिषद अब केवल औपचारिक बनकर रह गई है। महज दिखावे के लिए काम करना, फोटो खिंचवाकर कर अखबारों में छपवाना और फाईल बना कर लक्ष्य पूरा करने जैसी गतिविधियां ही एकमात्र उद्देश्य बनकर रह गई है। इन दिनों सूखी नदियों में बोरी बांधन का कार्य किया जा रहा है। परिषद द्वारा जारी की गई फोटो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि इस महत्वपूर्ण अभियान को किस तरह  से औपचारिकतापूर्ण निपटाया जा रहा है। 

50 फुट चौड़ी नदी में 5 फुट का बोरी बंधान

विगत दिनों तामिया विकासखंड की लहगडुआ ग्राम पंचायत में जनअभियान परिषद से जुड़ी हुई नवांकुर सतपुड़ाचंल जन कल्याण समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा नाग नदी पर बोरी बंधान किया गया। लगभग 50 फुट चौड़ी नदी पर 5 फुट की चौड़ाई में महज 8-10 बोरियों का बांध बनाया गया। इस बोरी बंधान के लिए बड़े-बड़े शब्दों में जल संरक्षण के बयान जारी किए गए। अब इस गतिविधि के फोटो और न्यूज लगाकर फाइल बनाकर खर्च दर्शा दिया जाएगा, लीजिए बन गया बोरी बंधान।

जिम्मेदार बेखबर

जनअभियान परिषद के जिला प्रमुख इन तैयार फाईलों को प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर जिला कलेक्टर तक प्रस्तुत कर अपनी वाह-वाही कर लेंगे बल्कि आने वाले गणतंत्र दिवस में पुरस्कार भी ले लेंगे। सूक्ष्मता से जांच की जाएगी तो जिले भर की सैकड़ों समितियों को लाखों रूपए के फंड से औपचारिक कार्यक्रम ही दिखाई देंगे फिर चाहे वह जल संरक्षण अभियान हो या फिर वन संरक्षण।





Share News On