Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

लापरवाह 2 शिक्षक निलंबित एवं 4 शिक्षकों की 1-1 वेतनवृध्दि रोकी

लापरवाह 2 शिक्षक निलंबित एवं 4 शिक्षकों की 1-1 वेतनवृध्दि रोकी
छिंदवाड़ा
22-Aug-25
छिन्दवाडा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में 13 अगस्त को शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें जिले की शालाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिये विशेष दिशा-निर्देश दिये गये, समीक्षा बैठक के दौरान बी.आर.सी. बिछुआ दिनेश डिगरसे के द्वारा विकासखण्ड की कतिपय शालाओं की शैक्षणिक गुणवत्ता के संबंध में अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि विकासखण्ड बिछुआ की शालाओं के शिक्षकों के द्वारा शालेय शैक्षणिक कार्याे में घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के फलस्वरूप छात्रों का शैक्षणिक स्तर अत्यन्त निम्न पाया गया। इस संबंध में कलेक्टर श्री सिंह द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुये दोषी शिक्षकों के विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिये गये, इसी क्रम में बी.आर.सी. बिछुआ द्वारा प्रस्तुत किये गये प्रतिवेदन (समीक्षा बैठक के दौरान) के आधार पर प्राथमिक शाला शेरपापड़ा के प्राथमिक शिक्षक हीरासिंह मंगरोले एवं प्राथमिक शाला खैरीमाली के सहायक शिक्षक सीताराम चौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है एवं प्राथमिक शाला मजियापार के सहायक शिक्षक कन्हैयालाल चौरिया एवं प्राथमिक शाला खैरीमाली के प्राथमिक शिक्षक श्री दशरथ सोनी की 01 वेतनवृध्दि रोकी गई है।

इसी प्रकार कलेक्टर श्री सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में कक्षा 1 से 8 की अकादमिक गुणवत्ता में सुधार के लिये जिले के सभी जिला अधिकारियों द्वारा सघन मॉनिटरिंग की जा रही है, इसी क्रम में 21 अगस्त 2025 को संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर के द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला सोमाढाना विकासखण्ड छिन्दवाड़ा का निरीक्षण प्रातः10ः30 बजे किया गया। निरीक्षण के दौरान शाला बंद पाई गई। इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त करने पर पाया गया कि विद्यालय प्रतिदिन 11ः00 बजे खुलता है, तब संयुक्त कलेक्टर द्वारा विद्यालय में अध्यापन कार्य कराया गया एवं 01 शिक्षक श्रीमती देवयानी अमृते बगैर अवकाश स्वीकृति एवं सूचना के विद्यालय में अनुपस्थित पाई गई एवं 01 शिक्षक डालचन्द डेहरिया 11ः10 पर उपस्थित हुये । इस दिनांक को ही दोपहर 3ः00 बजे जिला परियोजना समन्वयक जे.के.इडपाचे द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता के लिये अकादमिक निरीक्षण किया गया, जिसमें विद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता अत्यन्त न्यून पाई गई। दर्ज 21 विद्यार्थियों में से 16 विद्यार्थी उपस्थित पाये गये। कक्षा 5 में 6 उपस्थित विद्यार्थियों में से सिर्फ 01 विद्यार्थी को धारा प्रवाह हिन्दी पढ़ना आया, कक्षा 3 एवं 4 के विद्यार्थियों का स्तर भी कक्षा अनुरूप अत्यन्त कमजोर पाया गया। विद्यालय का अकादमिक स्तर कमजोर होने एवं विद्यालय समय पर न खुलने के कारण विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका सुश्री देवयानी अमृते एवं शिक्षक श्री डालचंन्द डेहरिया की 01-01 वेतनवृध्दि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्यवाही कलेक्टर श्री सिंह द्वारा की गई है।
Share News On