Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

आदिवासी गांव काजरा की तरक्की के खुले द्वार

आदिवासी गांव काजरा की तरक्की के खुले द्वार
छिंदवाड़ा
22-Aug-25
कलेक्टर ने किया होम स्टे का शुभारंभ

छिंदवाड़ा

हल्की-हल्की गरज और रिमझिम बरसात के बीच घुमड़ते बादलों...आदिवासी ढोल-बाजों, नृत्य के मनमोहक आनंद के बीच शुक्रवार को पर्यटन ग्राम काजरा के पांचों होम स्टे का लोकार्पण कलेक्टर श्री शीलेन्‍द्र सिंह के हाथों हुआ। इस मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि होम स्टे ग्राम के विकास के लिए मील का पत्थर है, पूरा गांव मिलकर पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं दें और अच्छा माहौल बनाएं, इससे सभी की तरक्की होगी और गांव की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए गए पर्यटन ग्राम काजरा में होम स्टे लोकार्पण अवसर पर जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री कामिनी ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य नवीन मरकाम, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, इंडियन ग्रामीण सर्विसेज से सुश्री रीना साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए गए पर्यटन ग्रामों में होम स्टे के शुभारंभ का सिलसिला लगातार जारी है। होम स्टे का उद्घाटन करने काजरा पहुंचे अतिथियों का स्वागत इंडियन ग्रामीण सर्विसेज समिति की अगुवाई में ढोल-बाजों के साथ किया गया। स्वागत व लोकार्पण के बाद कलेक्टर श्री सिंह ने पांचों होम स्टे का निरीक्षण किया और संचालकों से बातचीत करके पर्यटकों व अतिथियों को बेहतरीन सुविधाएं देने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों से चर्चा में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्रकृति ने इस गांव को खूबसूरती से संवारा है, जो एक वरदान है, इसका ग्रामीणों को लाभ उठाना चाहिए और पर्यटन की दिशा में कार्य करके नाम व दाम कमाना चाहिए। लोकार्पण समारोह में तामिया जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अहके, ग्राम पंचायत मानकादेई सरपंच मंतलाल इनवाती, कार्यक्रम अधिकारी बदरी प्रसाद कुर्मी, जनपद पंचायत तामिया इंडियन ग्रामीण सर्विसेज संस्था की तरफ से कन्हाई कुमार, सनोद नागवंशी, अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी  आदित्य आम्रवंशी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share News On