Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिले में बढ़ती दुर्घटनाओं पर सांसद बंटी विवेक साहू ने जताई चिंता

जिले में बढ़ती दुर्घटनाओं पर सांसद बंटी विवेक साहू ने जताई चिंता
छिंदवाड़ा
14-Aug-25
सांसद बंटी विवेक साहू की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

छिन्दवाड़ा

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक गूरूवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सांसद विवेक बंटी साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें सांसद ने जिले में बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसकी रोकथाम के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सांसद श्री साहू ने कहा कि जिले में एक वर्ष में 400 से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु होना अत्यंत चिंताजनक है। इस पर अवश्य ध्यान दिया जाए और दुर्घटना की संख्या को कम करने के ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट, अब तक हुई दुर्घटनाओं के आंकड़े, सुधारात्मक कार्यवाही, राहवीर योजना एवं नगदी रहित उपचार स्कीम 2025 सहित यातायात प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। सांसद बंटी विवेक साहू ने अधिकारियों को अब तक चिन्हित 8 ब्लैक स्पॉट के अलावा लगभग 20 अन्य ब्लैक स्पॉटों की जानकारी देते हुए इनका भी शीघ्र अवलोकन और निरीक्षण करते हुए इन्हें भी ब्लैक स्पॉटों में शामिल करते हुए इन्हे ठीक करने के लिए शीघ्र ही कार्ययोजना और डीपीआर तैयार करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को देते हुए इसकी रिपोर्ट से उन्हें जल्द से जल्द अवगत कराने के लिए कहा।


सांसद ने ब्रेथ एनालाइजर जांच नियमित रूप से करने के दिए निर्देश

सांसद श्री साहू ने बैठक में बताया कि छिंदवाड़ा-सिवनी एवं छिंदवाड़ा-नागपुर फोरलेन का डीपीआर फाइनल होने के बाद इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्राप्त होगा। जिससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि दुर्घटना की संभावनाएं भी कम होंगी। सांसद श्री साहू ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे शराब पीकर वाहन चलाना, तेज गति और यातायात नियमों की अनदेखी मुख्य कारण हैं। इसे रोकने के लिए उन्होंने पुलिस विभाग को रात्रि कालीन ब्रेथ एनालाइजर जांच नियमित रूप से करने, शराब दुकानों के समीप अवैध अहातों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही बुलेट साइलेंसर और ब्लैक ग्लास वाहनों पर लगातार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिक्रमण की समस्या पर हुई विशेष चर्चा

सांसद श्री साहू ने कहा कि कई दुकानदार अपने दुकानों के बाहर तक सामान फैलाकर रखते हैं, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती है तथा दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है। इस प्रकार के अतिक्रमण पर रोक लगाई जाए। सांसद ने यह भी सुझाव दिया कि नगर निगम, पुलिस विभाग और बाजार प्रबंधन समिति आपसी समन्वय से एक स्थायी व्यवस्था तैयार करें, जिसमें बाजार के भीतर और बाहर के विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान तय हों। इससे शहर में भीड़-भाड़ और जाम की समस्या कम होगी तथा व्यापारियों को भी व्यवस्थित रूप से कारोबार करने का अवसर मिलेगा। 

सांसद ने राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार बढाने के दिए निर्देश

राहवीर योजना के संदर्भ में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। सांसद श्री साहू ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए वॉल पेंटिंग, फ्लेक्स और समाचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने एनएच, पीएमजीएसवाई एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाली सड़कों पर दुर्घटना की संभावना अधिक रहती है, इसलिए नई सड़क निर्माण के समय अंतर-विभागीय समन्वय अनिवार्य रूप से किया जाए।

बैठक में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

बैठक में नगर निगम महापौर विक्रम अहके, एसपी श्रीमती निवेदिता गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता राजू नरोटे, रोहित पोफली, रिजवान कुरैशी, विशवेन्द्र बैस, बस एसोसिएशन राजेश मिगलानी, अजीत पटेल, विमल शर्मा, सोनू सरदार, ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदू डोडानी, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Share News On