Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिला कांग्रेस शहर में चार स्थानों पर करेगी ध्वजारोहण

जिला कांग्रेस शहर में चार स्थानों पर करेगी ध्वजारोहण
छिंदवाड़ा
14-Aug-25
कमलनाथ व नकुलनाथ ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

छिन्दवाड़ा

आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस पूर्ण हर्षाेल्लास के साथ मनाया जावेगा, इसकी सम्पूर्ण तैयारियां जिला कांग्रेस ने पूर्ण कर ली है। अंग्रेजों की गुलामी से देश को आजाद कराने में अपने प्राणों की आहूति देने वाले देश के वीर सपूतों, स्वतंत्रता सेनानियों को जिला कांग्रेस हृदय से नमन करेगी। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण किया जावेगा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शहर के मुख्य चार स्थानों पर ध्वजारोहण करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित स्थानों पर ध्वजारोहण किया जावेगा जिसमें कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित होकर आजादी का महापर्व मनायेंगे।

श्री ओकटे के अनुसार सर्वप्रथम प्रातः 7.15 बजे राजीव कांग्रेस भवन में ध्वजारोहण किया जावेगा। 7.30 बजे महात्मा गांधी चौक (फव्वारा चौक), नेहरू जी की प्रतिमा के समक्ष गोल गंज में प्रातः 7.45 बजे एवं प्रातः 8 बजे छोटी बाजार जय स्तम्भ के समीप जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ध्वजारोहण किया जावेगा। श्री  ओकटे ने जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, समस्त विभाग एवं प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित आमजन से अपील की है कि वे समय पूर्व ध्वजारोहण स्थल पर पहुंचे।

कमलनाथ व नकुलनाथ ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुये जिला, प्रदेश व देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनायें दी है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भारतवर्ष को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने के लिये वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान है और उनके इस कृतित्व को कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्री नाथ ने शहीदों को नमन करते हुये अपने शुभकामना संदेश के माध्यम से कहा कि आज की युवा पीढ़ी को आजादी की गाथा से अवगत कराया जाना चाहिये ताकि उनमें देश प्रेम की भावना जागृत हो। नकुलनाथ ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें देते हुये कहा कि कांग्रेस के महापुरुषों के योगदान व बलिदान से प्राप्त हुई आजादी में वर्षों का संघर्ष शामिल है। उन्होंने राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुये कहा कि सभी ध्वजारोहण करें साथ ही शहीदों को याद कर देश की रक्षा व सुरक्षा का संकल्प लें। 

अत्याचार में ब्रिटिश हुकूमत को भी पीछे छोड़ गई सरकार: तिवारी

गंगाप्रसाद तिवारी ने जारी बयान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के पास सिर्फ झूठ और झूठ के सिवाए कुछ भी नहीं है। जनता खुली आंखों से देख रही है कि किस तरह अन्याय, अत्याचार व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, इसका अंत भी कांग्रेस जनसमर्थन के साथ ठीक वैसे ही करेगी जैसा अंग्रेजों के साथ किया था। श्री तिवारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर बुल्डोजर से फूल बरसाए जा रहे थे तब अन्नदाता खाद के लिए आंदोलन कर रहा था। किसानहित में नगर निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मांगो किसानों के समर्थन में उनके साथ कांधे से कांधा मिलाकर खड़े हुए तो उन पर अपराध पंजीबद्ध किया गया। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या भाजपा की सरकार में खाद मांगना अपराध है? श्री तिवारी ने कहा कि किसान और कांग्रेस मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
Share News On