मुंबई-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस का स्टापेज हो सकता छिंदवाड़ा!
छिंदवाड़ा
14-Aug-25
छिंदवाड़ा
रेल नेटवर्क में पिछड़े हुये छिंदवाड़ा जिले को एक और नये पंख लग सकते हैं। दिल्ली के बाद अब मुंबई रेल नेटवर्क से जुड़ सकता है छिंदवाड़ा। रेलगाड़ी संख्या 12139 छत्रपति शिवाजी टर्मिनस मुंबई-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस का विस्तार यदि सिवनी-नैनपुर तक किया गया तो यह ट्रेन छिंदवाड़ा होकर गुजरेगी जिसका सीधा फायदा छिंदवाड़ावासियों को मिलेगा। इसके लिए मंडला जिले के सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से निवेदन किया था जिसके बाद रेलमंत्री ने उन्हें आगे की कार्यवाही के लिए पत्र लिखकर अवगत कराया है।

छोटी रेल लाईन के समय छिंदवाड़ा जिला बड़ा जंक्शन माना जाता था क्योंकि छिंदवाड़ा से सिवनी, नैनपुर, मंडला, नागपुर और बड़कुही तक ट्रेने आती-जाती रहती थी और बड़ी संख्या में लोग इससे आवागमन करते थे। परासिया से छिंदवाड़ा ब्राडगेज आने के बाद एक नई उलब्धि जुड़ी पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने जब छिंदवाड़ा से फिरोजाबाद (नई दिल्ली) के लिए पातालकोट एक्सप्रेस और भोपाल पेंचवेली ट्रेन को इंदौर तक प्रारंभ कराई। इसके बाद रेल विकास की यात्रा यहीं थम गई। विगत 7-8 वर्षों में नागपुर, सिवनी और मंडला तक पुनः ब्राडगेज का विस्तार हुआ लेकिन मात्र एक ट्रेन रीवा-इतवारी एक्सप्रेस की उपलब्धि ही हाथ में है।
मंडला सांसद कुलस्ते की पहल
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को लिखे पत्र में उन्होंने उल्लेख किया गया है कि रेलगाड़ी संख्या 12139 छत्रपति शिवाजी टर्मिनस मुंबई-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस का विस्तार वाया सिवनी-नैनपुर तक किये जाने एवं अन्य मामलों की विस्तृत जांच के लिए संबंधित निदेशालय को निर्देश दे दिए गए हैं। यदि सेवाग्राम एक्सप्रेस को मंडला से छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के लिए अनुमति मिल जाती है तो इसका श्रेय मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को जाएगा। उनकी पहल पर इस ट्रेन का विस्तार होगा जिसका स्टापेज छिंदवाड़ा भी होगा और छिंदवाड़ा वासियों के लिए मुंबई जाने का रास्ता सुगम हो जाएगा।