Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

पहली बार किसी सांसद ने तीन दिन में 72 किमी पदयात्रा कर जाना अपने नागरिकों का हाल

पहली बार किसी सांसद ने तीन दिन में 72 किमी पदयात्रा कर जाना अपने नागरिकों का हाल
छिंदवाड़ा
03-Jun-25
छिन्दवाड़ा
75 साल के इतिहास में पहली बार किसी निर्वाचित सांसद ने छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में पदयात्रा कर अपने नागरिकों से इस तरह मुलाकात कर उनका हाल जाना और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी सीधे अपनी जनता तक पहुंचाई। जी हां हम बात कर रहे वर्तमान सांसद विवेक बंटी साहू की। मेरा गांव मेरा सांसद अभियान के अंतर्गत विवेक बंटी साहू विगत तीन दिनों से लगातार पदयात्रा कर रहे थे। पिछले तीन दिनों से चिलचिलाती धूप में उन्होंने लगभग 72 किमी पैदल चलकर गांव-गांव में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी और उनके सुख-दुख बांटे। गांव-गांव में दूरस्थ अंचल में निवासरत हर पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सांसद श्री साहू पदयात्रा पर निकले थे। 
सांसद श्री साहू ने तीन दिवसीय पदयात्रा के दौरान गांवों और मंजरे टोलों में पहुंचकर हर ग्रामीण से संपर्क कर जमीनी हकीकत टटोलने का प्रयास किया। जनजाति समाज के लिए गौरव का प्रतीक पीले गमछे को अपने सिर पर बांधकर उन्होंने अपनी तीन दिवसीय पदयात्रा ग्राम ताल खमरा में पूर्ण कीं। पदयात्रा के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री साहू ने जनजातिय समाज के धर्मगुरूओं का शॉल श्रीफल देकर उनका सम्मान किया। विदित हो कि सांसद ने पदयात्रा के दौरान पहले दिन 28 कि.मी., दूसरे दिन 29 कि.मी. एवं अंतिम दिन 15 कि.मी. की पदयात्रा पूर्ण की। इस दौरान उन्होंने गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
सांसद ने जैविक तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया
पदयात्रा के तीसरे दिन नौतपा की तपती दोपहर में जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ अंचल स्थित जंबाकिराणी गांव में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम में पहुंचे सांसद बंटी विवेक साहू ने किसानों से संवाद किया। इस दौरान कार्यक्रम में किसानों ने उपस्थित कृषि वैज्ञानिकों से प्रश्न पूछकर कृषि से संबंधित समस्याओं का हल जाना। सांसद श्री साहू ने किसानों से उन्नत तकनीक को अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने को कहा।  साथ ही जैविक तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस अवसर पर पदयात्रा में पैदल चल रहे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं के अलावा कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, तथा बड़ी संख्या में आसपास के गांव के सैंकड़ों कृषकों एवं मातृ शक्ति उपस्थित रहे।
सांसद ने रंगमंच के लिए दी राशि 
तीन दिवसीय पदयात्रा के समापन के पूर्व मोहगांव किसन के ग्राम उमरघोड पहुंचे सांसद बंटी विवेक साहू ने ग्रामीणों की मांग पर गांव में  रंगमंच के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की जल समस्या से सांसद श्री साहू को अवगत कराया। जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल ही समस्या के निवारण के लिए नल जल योजना का कार्य शीघ्र पूरा करने हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
Share News On