12 अवैध मोटर पंपों को किया गया जप्त
छिंदवाड़ा
13-Mar-26
सारोठ जलाशय में अवैध मोटर पंपों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
छिन्दवाडा
जिले के मोहखेड़ ब्लॉक स्थित सारोठ जलाशय पर आधारित मोहखेड़ समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से जल निगम द्वारा लगभग 30 ग्रामों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। हाल ही में जलाशय में सैकड़ों अवैध मोटर पंप लगाकर सिंचाई किए जाने के कारण बांध का जलस्तर लगातार कम होने लगा था, जिससे आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल निगम के महाप्रबंधक श्री अविनाश दिवाकर द्वारा कलेक्टर को पत्र लिखकर जलाशय में लगे अवैध मोटर पंप हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था। इसके अलावा पिछली समय-सीमा बैठक में जल निगम के उप महाप्रबंधक श्री बसंत कुमार बेलवंशी द्वारा भी कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने बैठक में एसडीएम राजस्व छिंदवाड़ा, जल निगम, एमपीईबी, पुलिस तथा जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) के साथ संयुक्त टीम गठित कर अवैध मोटर पंपों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर श्री नारायन के निर्देशों के पालन में एसडीएम श्री सुधीर जैन के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम का गठन किया गया। जल निगम के समन्वय से 12 मार्च 2026 को संबंधित विभागों की टीम ने सारोठ जलाशय में अभियान चलाकर 12 अवैध मोटर पंपों को जप्त किया।
कार्रवाई के दौरान उन लोगों को भी सख्त चेतावनी दी गई जो अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर जलाशय का पानी सिंचाई के लिए उपयोग कर रहे थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से मोटर लगाकर जलाशय से पानी लेते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जलाशय के जल स्तर को सुरक्षित रखते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।