पीजी कॉलेज के छात्रों को बताए उद्योग लगाने के फायदे
छिंदवाड़ा
13-Mar-26
छिन्दवाडा
एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर द्वारा पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद के मार्गदर्शन में आज उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद करियर गाइडेंस प्रकोष्ठ के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री भारत घई उपस्थित थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए युवाओं को उद्यमिता अपनाकर शासन की योजनाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में एमएसएमई इंदौर से सहायक निदेशक गौरव गोयल एवं विकास ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं करियर गाइडेंस प्रकोष्ठ के संभागीय नोडल अधिकारी डॉ. पी.एन. सनेसर, वाणिज्य विभाग के डीन एवं एचओडी डॉ. अनिल जैन, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र छिंदवाड़ा से महाप्रबंधक आर.एस. उइके तथा एफडीडीआई से प्रोफेसर विनीत वर्मा ने उद्यमिता एवं स्टार्टअप विषय पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में शामिल 120 से अधिक विद्यार्थियों को उद्यमिता तथा स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्य अरुण गदरे, तरुण सोनी तथा स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना से डॉ. टीकमणि पटवारी, डॉ. सुनामिका उईके, डॉ. नितेंद्र गौतम, डॉ. शिवम डोले, डॉ. सोनी भंमरकर सहित सिद्धार्थ गोडबोले, चंचलेश साहू और आयुष लांजे ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पी.एन. सनेसर द्वारा किया गया।