Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

10,487 लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, 249 लोगों ने किया रक्तदान

10,487 लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, 249 लोगों ने किया रक्तदान
छिंदवाड़ा
17-Sep-25
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू ने किया सहायक उपकरणों का वितरण और स्वच्छता साथियों का सम्मान

छिंदवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को मध्यप्रदेश के धार जिले से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार राष्ट्रीय अभियान का भव्य शुभारम्भ किया गया। इसी कड़ी में प्रदेश में चयनित आठ जिलों में से एक छिन्दवाड़ा में लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने पोला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम से जिले में सेवा पखवाड़ा और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का जिलास्तरीय शुभारम्भ किया।
         इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने सर्वप्रथम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75 वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश का दुनिया में नाम किया है, नई पहचान दी है, सीमाएं मजबूत की हैं, देश के विकास को पंख दिए हैं, हर जरूरतमंद को पक्की छत, बिजली, पानी की सुविधा देकर समृद्धि की उम्मीद दी है। जिसके कारण ही आज पूरा देश परिवार की तरह प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश और छिंदवाड़ा जिले में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।
         प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इसके पूर्व 45 सालों तक छिन्दवाड़ा की जनता को सिर्फ छला गया है। यहां के पूर्व सांसदों ने सिर्फ हेलीकाप्टरों से ही जिले का दौरा किया है। जों महीनों बाद छिन्दवाड़ा आते थे। लेकिन अब आपने अपने बेटे और भाई को सांसद बनाया है। जो पदयात्रा कर लोगों के बीच उनके घरों तक पहुंचकर उनकी सेवा कर रहे है। अब दोनों जिलों को विकास की सही रफ्तार मिली है, जो निरंतर जारी रहेगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला, युवा, गरीब और किसान, इनके कल्याण व सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर हितकारी योजनाएं ला रहे हैं। यह 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा पखवाड़ा और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान भी इन्हीं पर केंद्रित हैं। इसी के तहत जनजातीय महिलाओं और परिवारों के लिए पहली बार आदि सेवा पर्व अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी को साथ मिलकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश, प्रदेश और छिंदवाड़ा जिले के विकास में अपना योगदान देने का संकल्प भी दिखाया।

सांसद बंटी विवेक साहू ने प्रभारी मंत्री का माना आभार

प्रधानमंत्री श्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं जो हमें ऐसे प्रधानमंत्री देखने को मिले जिन्होंने गरीबी कल्याण के लिए कार्य करते हुए देश को निराशा और भ्रष्टाचार से बाहर निकाल कर पारदर्शिता लाने का कार्य किया है। आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। देशवासियों के चेहरों पर गर्व और मुस्कान है। वे अपने आप को प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधानसेवक मानकर सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके जन्मदिन पर इस सेवा पखवाड़ा और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत ही आज यह विशाल स्वास्थ्य शिविर जिले में लगाया गया है। इसका लाभ निश्चित ही जिले की मातृ शक्ति और अधिक से अधिक जिलेवासियों को मिलेगा। उन्होंने प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के प्रयासों से जिले को मिली 2500 करोड़ की लागत से बनने वाले दो फोरलेन सड़कों और विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

सेवा ही संकल्प के अंतर्गत हुआ 100 दिवसीय शिविरों का भी शुभारंभ

सेवा ही संकल्प के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से 17 सिंतबर से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसंबर तक दोनों जिलों में आयोजित होने वाले 100 दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की कड़ी में बुधवार को पोला ग्राउंड में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में ही 100 दिवसीय शिविरों का भी शुभारंभ किया गया। जिसका पहला कैंप मेंगा स्वास्थ्य शिविर के साथ ही पोला ग्राउंड में लगाया गया।

10,487 लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में पोला ग्राउंड में जिला स्तरीय मेगा हेल्थ कैंप और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें 10,487 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। विशाल रक्तदान शिविर में जिले की विभिन्न एसोसिएशन, जनप्रतिनिधियों, शासकीय सेवकों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर कुल 249 यूनिट रक्त का दान कर समाज और जरूरतमंदों के प्रति अपना फर्ज निभाया। जिला स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही 17 सितंबर को पूरे जिले भर में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों, सभी प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया , जिसमें प्रधानमंत्रीजी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।

कन्या पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ

महिलाओं और नारी शक्ति के स्वास्थ्य और बेहतरी के लिए समर्पित स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा कन्याओं के पूजन से किया गया। जिसके बाद मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ मेगा हेल्थ शिविर की औपचारिक शुरुआत हुई।

महापौर और विधायक ने लोगों को किया संबोधित

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने संबोधित करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत का वैभव और गौरव दुनिया में फैल रहा है। आज आयोजित यह मेगा हेल्थ कैंप एक स्वास्थ्य शिविर बस नहीं, बल्कि वह उम्मीद और आशा है, जिससे आम नागरिकों ने प्रधानमंत्री को देखा है। यह दीन-दुखियों के दुःख को दूर करने का शिविर है। अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह ने छिंदवाड़ा जिले में इतने बड़े स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया।

प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न स्टालों का अवलोकन

इस मेगा हेल्थ कैंप को सुविधाजनक तरीके से आयोजित करने के लिए स्वास्थ्य व संबंधित विभागों द्वारा 36 काउंटर लगाए गए थे। महिलाओं और गर्भवती की जांच के लिए 3-3 काउंटर लगाए गए थे। इनके अलावा अन्य विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाकर विभागीय कार्यों एवं योजनाओं का प्रदर्शन किया गया था, जिनका गहन अवलोकन प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा किया गया और चर्चा कर जानकारियां भी की गई।

वॉश ऑन व्हील्स सेवा के स्वच्छता साथियों का हुआ सम्मान

सेवा पखवाड़ा अभियान के जिला स्तरीय शुभारम्भ अवसर पर पोला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा स्वच्छता ही सेवा के तहत जिले के नवाचार वॉश ऑन व्हील्स सेवा को सफल बनाने वाले प्रत्येक ब्लाक से एक स्वच्छता साथी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन स्वच्छता साथियों में जनपद चौरई से संजय कटारिया, छिंदवाड़ा से बलराम यादव, बिछुआ से सुश्री मोनिका बेलवंशी, मोहखेड़ से राजू कुशनेकर, अमरवाड़ा से रूपेश चौहान, परासिया से अमन पावर, तामिया से खिमिया सरेयाम, जामई से राधेश्याम टांडेकर और हर्रई से सुश्री ब्रजकुमारी कुमरे शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा जिले के वॉश ऑन व्हील्स सेवा नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है और पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। इस सेवा में संलग्न 45 स्वच्छता साथियों द्वारा अभी तक 40 हजार टॉयलेट यूनिट की सफाई की जाकर लगभग 40 लाख रुपए की आय अर्जित की जा चुकी है।

सहायक उपकरणों का वितरण

मेगा हेल्थ कैंप में प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत एलिम्पको जबलपुर के सहयोग से दिव्यांग और वृद्ध हितग्राहियों को सहायक उपकरणों का वितरण भी किया गया। मंच से परासिया की श्रीमती जुबेदा बेगम को व्हील चेयर, छिंदवाड़ा की श्रीमती प्रेमलता वर्मा को व्हील चेयर, वॉकर व कमर बेल्ट, लेखराम साहू को कान की मशीन, कृपाल सिंह को कान की मशीन, कमर बेल्ट, घुटने का बेल्ट व छड़ी और परासिया के श्री भवानी प्रसाद को कान की मशीन प्रदाय की गई।

टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण, टीबी मुक्त ग्रामों का सम्मान

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिंह द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले की टीबी मुक्त ग्राम पंचायत 2024 के सरपंच, सचिव को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा प्रदाय कर सम्मानित किया गया। वर्ष 2024 में इन ग्राम पंचायत में टीबी का एक भी मरीज नहीं पाया गया है। यह सम्मान टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बीजेपनी के सचिव अंगद सिंह चौरे, पुलपुलडोह के सचिव कृष्ण कांत चौरिया, पिपरिया लालू के सचिव श्री पतिराम मर्सकोले, बम्हनी के सरपंच श्री ब्रजकुमारी उईके और झिरलिंगा की सरपंच श्रीमती ललिता ठाकुर को प्रदाय किया गया है। साथ ही निक्षय मित्रों के माध्यम से टीबी मरीजों को एक माह का पोषण आहार किट (फूड बास्केट) का वितरण भी मंच से किया गया।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

जिला स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर, विशाल रक्तदान शिविर के आयोजन और सेवा पखवाड़ा व स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान, ईट राइट जागरूकता अभियान के शुभारम्भ अवसर पर राज्य भारिया प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, अजय सक्सेना, रमेश पोफली, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, अंकुर शुक्ला, नवीन बारस्कर, श्रीमति लीला बजोलिया, रमाकांत पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष रिजवान कुरैशी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजू नरोटे, जागेन्द्र अल्डक, चंद्रकुमार चंदू जैन, डॉ.कृष्ण हरजानी, गरीमा दामोदर, अजय सक्सेना, बंटी पटेल, पंडित राम शर्मा, कामिनी शाह, भारती साहू, चंद्रभान देवरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम परासिया शुभम यादव, नगर निगम आयुक्त सी.पी.राय, सीएमएचओ डॉ. नरेश गिन्नाडे सहित जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज एवं आयुष विभाग के डॉक्टर्स, निजी अस्पतालों के डॉक्टर्स, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक, जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आई महिलाएं और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Share News On