युवक कांग्रेस ने किया जमकर प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला
राजनीति
15-Jun-26
मीनाक्षी नटराज का नामांकन रद्द किए जाने का किया विरोध
छिन्दवाड़ा
मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में भाजपा सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त के माध्यम से कांग्रेस की एक सीट की चोरी की है। जिससे आक्रोशित छिन्दवाड़ा युवक कांग्रेस ने जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी चौक पर जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। युकां ने कहा कि अभी तक देश में वोट की चोरी जारी थी, अब भाजपा सीट की चोरी भी करने लगी है। घोटाले योजनाओं से निकलकर परीक्षाओं और भर्तियों तक पहुंच गए हैं।
कांग्रेस की अधिकृत राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में छिन्दवाड़ा में युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महात्मा गांधी चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मौके प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल वाटर केनन के साथ तैनात रही, लेकिन युवक कांग्रेस के जोश और आक्रोश के सामने वह भी नहीं टिक पाई और युवक कांग्रेस के उपस्थित जांबाज साथियों ने पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान युकां ने केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार के विरुद्ध भी जमकर नारेबाजी की।
आयोजित पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार को युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोलू पटेल के नेतृत्व में उपस्थित युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच और सुनवाई के लिए अवसर दिए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए युकां जिला अध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि भाजपा हर चुनाव को चोरी और षड्यंत्र से जीत रही है यह तय हो चुका। इसका सबसे बड़ा व प्रत्यक्ष प्रमाण मप्र की राज्यसभा सीट की चोरी है।
प्रदर्शन व ज्ञापन में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल, युवा कांग्रेस प्रभारी एकलव्य यहके, जिला उपाध्यक्ष मोहित रघुवंशी, विधानसभा अध्यक्ष विशेष पटेल, रजनीश मोहने, सौरभ ठाकुर, सुबोध पटेल, स्वामी पटेल, विधानसभा अध्यक्ष रिंकू पटेल, उत्कर्ष बाल्मिक, भूपेन्द्र पटेल, जगदम्बा वर्मा, सचिन वर्मा, विवेक पटेल, अंकित मांगरोले, किरन कुड़ापे, मोनी पटेल, मिलिंद घोघरे, रिंकू कहार, रजत पटेल आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।