Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

धूसावानी के खुले आसमान से निहार सकेंगे आकाशगंगा

धूसावानी के खुले आसमान से निहार सकेंगे आकाशगंगा
विज्ञान
30-May-26
एस्ट्रो विलेज के रूप में हुआ चयन, सर्वे का कार्य पूर्ण

छिन्दवाडा

छिंदवाड़ा जिले में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में तामिया ब्लॉक के पर्यटन ग्राम धूसावानी का चयन एस्ट्रो विलेज के रूप में किया गया है। धूसावानी में स्टार गेजिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रथम चरण का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। 

गुजरात के भुज से आई तीन सदस्यीय टीम ने गांव में तीन दिन प्रवास कर ग्रामीणों से संवाद किया और स्टार गेजिंग की गतिविधियों का अध्ययन किया। कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में जिले में पर्यटन विकास की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित पर्यटन ग्राम धूसावानी को ग्रामीण पर्यटन के मॉडल के रूप में विकसित करने के साथ-साथ एस्ट्रो गांव बनाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत स्टार गेजिंग इंडिया, भुज की टीम द्वारा यहां सर्वे किया गया। टीम ने दो रातों तक गांव में रहकर स्टार गेजिंग की संभावनाओं का परीक्षण किया। 

अत्याधुनिक टेलीस्कोप की सहायता से रात के समय आसमान में ग्रहों और तारों का अवलोकन किया गया। कई ग्रामीणों ने पहली बार इस अनुभव का आनंद लिया। आने वाले समय में यहां एस्ट्रो पार्क की स्थापना की जाएगी, जहां पर्यटक खुले एवं ऊंचे स्थानों पर कैंप लगाकर साफ आसमान, आकाशगंगा और तारों का अवलोकन कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित पर्यटन ग्राम धूसावानी में वर्तमान में पांच होम स्टे संचालित हो रहे हैं, जबकि तीन अन्य निर्माणाधीन हैं। एस्ट्रोलॉजी और खगोल विज्ञान को ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने की यह अवधारणा तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

Share News On