खेत में काम करने निकली महिला की मौत, मामला संदिग्ध
छिंदवाड़ा
18-Jul-25
छिंदवाड़ा
परासिया क्षेत्र के ग्राम भोकई के जंगल में एक महिला की तेंदूए के हमले में मौत हो गई। महिला घर से खेत में काम करने के लिए निकली थी लेकिन शाम तक घर नहीं आई तो परिजनों ने गांव में रहने वाले अन्य लोगों के साथ उसकी तलाश की। रात 8 बजे के आसपास उसका शव जंगल में मिला। तब वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची और महिला के शव को अस्पताल लाया गया जहां दूसरे दिन उसका पीएम किया गया। बताया जा रहा है कि बीते 4 दिनों से क्षेत्र में तेंदूए ने अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक परासिया वन परिक्षेत्र के रावण बड़ा शिवपुरी थाना क्षेत्र के अर्धन गांव निवासी चंपा बाई घर से खेत में काम करने के लिए दोपहर 2 बजे निकली थी। उसके घर से खेत की दूरी लगभग 4 किमी है। खेत में मक्के की फसल लगी है। फसल में खाद डालने की तैयारी थी। शाम को जब चंपा बाई का पति घर पहुंचा तो वह घर भी नहीं मिली तो पति रामायण ढाकरिया ने गांव के लोगों को घटनाक्रम बताया। सभी लोग महिला को ढूंढने जंगल की ओर निकले। खेत में काम कर रहे एक अन्य किसान ने बताया कि वह जंगल की ओर जाती हुई देखी गई थी। गांव के लोग रात 8 बजे जंगल की ओर निकले तो गोबाई के बीट क्रमांक 734 में महिला का शव जंगल में दिखाई दिया। तब वन विभाग के अमले को इसकी सूचना दी गई। रात 12 बजे वनविभाग का अमला घटना स्थल पर पहुंचा। रात 3 बजे के आसपास शव को परासिया अस्पताल लाया गया। सुबह डॉ. शशि अतुलकर ने महिला के शव का परीक्षण किया। महिला के चेहरे पर दांत के निशान थे तथा सर की हड्डीयां भी टूटी हुई थी। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है क्योंकि महिला के शरीर के किसी भी हिस्से में पंजे या नाखून के निशान नहीं है और न ही तेंदूए ने महिला के शरीर को खाया है। बताया जा रहा है कि बीते चार दिनों से क्षेत्र में तेंदूआ घूम रहा है। इसके पहले वह जमुनिया गांव में भी तेंदूए ने एक बकरे का शिकार किया है। अर्धन खदान में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों ने भी उसे देखा है।