विधायक सीट का कौन होगा उत्तराधिकारी? विनोद यदुवंशी या सोनू मागो!
लेख
28-Jul-26
क्या कमलनाथ नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव ? राजनीति में बना चर्चा का विषय
समीक्षक: रामकुमार विश्वकर्मा
छिंदवाड़ा
विधानसभा चुनाव को भले ही अभी समय है लेकिन राजनीतिक बिसात बिछना शुरू हो गई है। राजनीतिक सूत्रों के हवाले से 79 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अस्वस्थ्यता के चलते अगला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे इस पर न केवल कांग्रेस बल्कि आम जनता को भी संशय है। कहा जा रहा है कि जिला कांग्रेस की पूर्ण कमान पूर्व सांसद नकुलनाथ के हाथों में होगी और वे ही विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की सूची को फाइनल करेंगे।
नये युवाओं को मिल सकता है अवसर
पूर्व सांसद नकुलनाथ अपने पिता की विरासत को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसके लिए वे लगभग हर महीने जिले के दौरे पर आ रहे हैं और अभी से नगरीय चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए योग्य, सक्रिय और व्यापक जनाधार के अलावा जिताऊ उम्मीदवार की खोज में जुटे हैं। इसके साथ ही वे भविष्य में स्वयं के लिए ऐसे युवाओं की टीम भी तैयार कर रहे हैं जो कांग्रेस को युवा बना सके। वर्तमान में कांग्रेस संगठन की बागडोर भले ही बुजुर्ग और अनुभवी नेताओं के हाथों में है लेकिन धीरे-धीरे नए युवा नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारी सौंप कर उन्हें राजनीति की मुख्यधारा में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अगला उम्मीदवार कौन, विनोद यदुवंशी या सोनू मागो?
नगर निगम अध्यक्ष सोनू मागो की सक्रियता और व्यापक जनाधार के चलते कांग्रेस के अलावा राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया था कि उन्हें छिंदवाड़ा विधानसभा का अगला उम्मीदवार बनाए जाने के संकेत ऊपर से दिए गए हैं इसलिए वे शहर में पूरी तरह सक्रिय है। निगम में उनकी सक्रियता और आक्रामकता ने कई बार सत्ताधारी पार्टी के सामने बड़ी चुनौती पेश की है। इसी के चलते वे अगले विधानसभा के लिए कांग्रेस का चेहरा हो सकते हैं। वर्तमान समय में वे पूर्व सांसद नकुलनाथ के काफी करीबी है। कहा तो यह भी जा रहा है कि वे कमलनाथ-...... जैसी नई जोड़ी बना सकते हैं।
हाल ही में जन्मदिन के बहाने पूरे शहर में होर्डिंग्स लगाकर छाए विनोद यदुवंशी की एंट्री भी पैराशूट उम्मीदवार जैसी छा गई। सूत्रों के अनुसार विनोद यदुवंशी नाथ परिवार के काफी निकट माने जाते हैं और उन्हें भी कांग्रेस की ओर से अगला चेहरा बनाया जा सकता है इसके संकेत मिलते ही वे भी मैदान में अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर रहे हैं। यह तो समय बताएगा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा कौन होगा लेकिन दोनों नेताओं की सक्रियता ने एक बात तो साफ कर दी है कि कोई युवा चेहरा ही विधानसभा चुनाव का उम्मीद्वार होगा।