गुप्ता समाज ने मनाई भगवान श्री यज्ञसेन महाराज की जयंती
छिंदवाड़ा
28-Jul-26
सामाजिक जागरूकता के लिए लिए महत्वपूर्ण संकल्प

छिंदवाड़ा
जिला यज्ञसेन (गुप्ता) समाज द्वारा भगवान श्री यज्ञसेन महाराज की जयंती के अवसर पर 27 जुलाई को श्रेयांश लॉन में भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशाल वाहन रैली, युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कई जनहितकारी संकल्प लिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे अल्पाहार के साथ हुई। इसके पश्चात सुबह 11 बजे समाजजनों की सहभागिता से विशाल वाहन रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। वाहन रैली के माध्यम से समाज की एकता, संगठन और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
दोपहर में दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य समारोह का शुभारंभ हुआ। बाहर से आए अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया तथा सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। युवक-युवती परिचय सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच के माध्यम से अपना परिचय दिया। इस सम्मेलन का संचालन समाज के सचिव विजय गुप्ता द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज बालमुकुंद गुप्ता एवं नगर अध्यक्ष मनीष नंदकिशोर गुप्ता ने समाज में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर समाज ने 13वीं संस्कार में सामूहिक भोज की परंपरा को बंद करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आगामी 14 अगस्त को बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का भी संकल्प लिया गया। शाम 6 बजे प्रमुख वक्ताओं के उद्बोधन के पश्चात कार्यक्रम का समापन शाम 7 बजे किया गया। आयोजन में समाज के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष मनोज बालमुकुंद गुप्ता, नगर अध्यक्ष मनीष नंदकिशोर गुप्ता, उपाध्यक्ष विजय (बबलू) गुप्ता, सचिव विजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता, सहसचिव नितेश गुप्ता के अलावा वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन सामाजिक एकता के साथ-साथ समाज सुधार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति यज्ञसेन (गुप्ता) समाज की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बना।