11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह में जिलेभर में होंगे विविध आयोजन
छिंदवाड़ा
11-Nov-26
18 से 20 नवंबर तक लगेंगी जनजातीय गौरव चौपाल
जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास भाजपा की प्रतिबद्धता : विक्रम अहके
छिंदवाड़ा अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की गई। इसी क्रम में इस वर्ष 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत भाजपा संगठन, प्रदेश सरकार एवं जनजातीय समाज के संयुक्त प्रयासों से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर भव्य कार्यक्रम
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों एवं तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर विक्रम अहके, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती तथा भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरपाल इवनाती ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर प्रदेश के प्रत्येक जनजातीय विकासखंड मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से रूबरू होंगे युवा
उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार तथा 16 नवंबर को खंडवा में प्रदेश स्तरीय आयोजन होंगे। 15 नवंबर के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सांस्कृतिक जुलूस एवं रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। प्रत्येक जिले में दो से तीन किलोमीटर लंबी सांस्कृतिक रैली निकालने की भी योजना है।
उन्होंने बताया कि 12 एवं 13 नवंबर को जिला स्तर पर बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं एवं देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान तथा दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम होंगे। विद्यालयों एवं छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान पर आधारित निबंध, भाषण, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला एवं अन्य गतिविधियां शामिल रहेंगी।
16 एवं 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं के साथ सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराया जाएगा। वहीं 18 से 20 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय विकासखंडों के चयनित ग्रामों में जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित की जाएंगी। इनमें वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और समाज के प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे तथा समाज की उपलब्धियों, आवश्यकताओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।
'अबुआ दिशुम, अबुआ राज
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, लोककला, परंपराओं और अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरण का अभियान है। भगवान बिरसा मुंडा जी ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की अलख जगाई। उनका उद्घोष 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' जनजातीय स्वाभिमान और आत्मसम्मान का प्रतीक है।
वक्ताओं ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की साक्षी रही है। टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह जैसे महान जननायकों ने देश, समाज और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज को सम्मान और अवसर देने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति पद पर पहुंचना इसका ऐतिहासिक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय महापुरुषों के सम्मान को केवल स्मरण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके नाम पर विकास एवं जनकल्याण के कार्य भी किए हैं। रानी दुर्गावती के सम्मान में जबलपुर एवं दमोह जिले के सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह के सम्मान में कैबिनेट बैठक हुई। रानी दुर्गावती के नाम पर अन्न योजना प्रारंभ की गई, टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाया गया तथा राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। रानी कमलापति के नाम पर रेलवे स्टेशन का नामकरण भी जनजातीय नायकों के सम्मान और उनकी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की सोच और जनजातीय समाज के प्रति प्रतिबद्धता केवल भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन में भागीदारी, राजनीतिक नेतृत्व और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास भाजपा की प्रतिबद्धता है। सभी का दायित्व है कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं तथा विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुरु प्रसाद धुर्वे, जिला मीडिया प्रभारी विक्रम सोनी, रोशन सिगनापुरे, श्रीमती सोनिया कुमरे, अमर सिंह मरावी, राम प्रसाद कुमरे, कमलेश कवरेती, युग ठाकुर, संजय धुर्वे, अमित सलाम, दीपक धुर्वे, शक्ति ठाकुर, देवी सिंह ठाकुर, रविंद्र ठाकुर, आकाश भलावी, नितेंद्र चीचम, अमन उइके, कृष्णा बरकड़े, प्रकाश नवरेती, रूपेश इरपाची, राहुल सारठी, भुनेश परानी, भगत लाल धुर्वे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।