अगले तीन दिनों में पड़ेगी जोरदार ठंड
छिंदवाड़ा
07-Jan-26
सेहत का रखें ध्यान, श्वेटर, जैकेट, शॉल से रखें शरीर को गर्म
जिला, एनएसयूआई ने की स्कूलों में अवकाश की मांग
छिंदवाड़ा
जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह और शाम का तापमान काफी नीचे गिर गया है और अगले तीनों तक और ज्यादा सर्द मौसम की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। इस दौरान सभी नागरिकों से स्वयं का ध्यान रखने की अपील की जा रही है।
चंदनगांव स्थित आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र मौसम वेधशाला द्वारा जानकारी दी गई है कि बुधवार को जिले में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर संत कुमार शर्मा ने बताया कि इस साल शीत ऋतु का यह सबसे ठंडा दिन रहा। श्री शर्मा ने बताया कि अगले तीन दिन जिले में भारी ठंड पड़ने की संभावना है। इस दौरान आम नागरिकों को ठंड से बचने के लिए और शरीर को गर्म रखने के पर्याप्त मात्रा में उनी वस्त्रों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
बढ़ती हुई सर्द हवाओं के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों को होती है। इसलिए घर के युवाओं को अपने घरों में और आसपास गरीब परिवारों के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। समाजसेवी संगठनों से भी अपील की जा रही है कि गरीब, बेसहारा लोगों के लिए ठंड से बचने का इंतजाम करें ताकि अत्यधिक ठंड के कारण जनहानि रूक सके।
नगर निगम करें अलाव की व्यवस्था
शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर निगम से बस स्टैंड और रेलवे स्टैंड के आसपास रात्रि में आने वाले यात्रियों के लिए अलाव की व्यवस्था की मांग की है ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को ठंड से राहत मिल सके।
जिला,एनएसयूआई ने की स्कूलों में अवकाश की मांग
मौसम विभाग के अनुसार जिले में तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा जिसे दृष्टिगत रखते हुए तत्काल स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाए। उक्त मांग जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अजय सिंह ठाकुर ने की है। अजय सिंह ठाकुर ने कहा कि शीतलहर के चलते जिले में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक जिले का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है, जबकि कई क्षेत्रों में पारा 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। भीषण ठंड में बच्चों का सुबह-सुबह स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। ठंड के कारण बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी स्कूलों में आगामी तीन दिनों तक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके। मौसम विभाग ने भी आने वाले दो से तीन दिनों तक ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है, इसलिए पूरे जिले में सुरक्षा की दृष्टि से स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाए।