Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

गरीब दास बाबा के निधन पर भक्तों में गहरा शोक

गरीब दास बाबा के निधन पर भक्तों में गहरा शोक
छिंदवाड़ा
07-Jan-26
धामिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नेताओं ने जताया शोक

छिंदवाड़ा

चौरागढ़ महादेव के अनन्य उपासक, सिद्ध संत और पचमढ़ी की आध्यात्मिक पहचान परम पूज्य गरीब दास बाबा के ब्रह्मलीन हो जाने पर शिवभक्तों में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। जिले के सभी धार्मिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों सहित राजनीतिज्ञों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

वे आस्था, तपस्या और त्याग का जीवंत प्रतीक थे: सांसद बंटी विवेक साहू

सांसद बंटी विवेक साहू ने दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि गरीब दास बाबा केवल एक संत नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या और त्याग का जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भगवान शिव की आराधना, कठिन तप और दीन-दुखियों की सेवा में समर्पित कर दिया था। बाबा मुख्य रूप से चौरागढ़ शिखर (लगभग 1326 मीटर ऊंचाई) पर निवास करने वाले संत के रूप में विख्यात थे और क्षेत्र के सिद्ध संतों में उनकी विशेष पहचान थी। आज सतपुड़ा की वह आवाज़ शांत हो गई, जो हर क्षण “हर-हर महादेव” का जप करती थी। बाबा का भौतिक शरीर भले ही हमारे बीच न हो, किंतु चौरागढ़ की चोटियों पर गूंजता उनका नाम और उनकी शिक्षाएं सदा अमर रहेंगी।

संपूर्ण समाज के लिए अपूर्णीय क्षति: भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव

परम पूज्य 1008 गरीबदास जी महाराज चौरागढ महादेव मंदिर वाले के देवलोक गमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि गुरुदेव गरीबदास जी महाराज का देवलोक गमन संपूर्ण समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद हमेशा सभी के ऊपर बना रहे।

कमलनाथ व नकुलनाथ ने गहन दुख व्यक्त किया

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने गहन दुख व्यक्त करते हुए अपनी शोक संवेदनाएं प्रगट की। नेताद्वय ने अपने शोक संदेश में कहा कि महंत गरीबदास जी महाराज के देवलोक गमन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। सर्व महंत समाज व सर्वसमाज के लिए महाराज जी का देवलोक गमन अपूरणीय क्षति है। मुझे समय-समय पर महाराज जी की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उनका स्नेह व मार्गदर्शन हमेशा प्राप्त हुआ। उनका देवलोक गमन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। 

पूर्व सांसद नकुलनाथ ने गहन दुख व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में धर्म की ध्वजा लहराने, शिष्यों पर स्नेह व आशीर्वाद बरसाते हुए देह त्यागने वाले महाराज जी ने समाज को भक्ति व धर्म का मार्ग दिखाया। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे उनका सानिध्य व शुभाशीष प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान दें साथ ही समस्त भक्तों को यह दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करें।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने महाराज श्री के निधन पर गहन दुख व्यक्त करते हुए जिला कांग्रेस परिवार की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महाराज श्री का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान दें।
Share News On