क्रिकेट टीमें ज्यादा इसलिए एक दिन में हो रहे 4 मैच
खेल
17-Nov-26
छिन्दवाड़ा अपडेट

छिन्दवाड़ा व पांढुर्णा जिले के सांसद श्री बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन एवं सरंक्षण में जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत कलेक्ट्रेड के सामने स्थित मैदान में चल रही टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में आज संभाजी 11 कोहलिया बॉयज नवीन जवाहर स्कूल एवं बरारीपुरा इलेवन ने अपने मैच जीतकर दूसरे चक्र में प्रवेश किया। क्रिकेट स्पर्धा प्रभारी बिट्टू मंडराह एवं संदीप मालवी ने बताया कि टीमों की अधिकता के कारण प्रतिदिन 10-10 ओवर के 4 मैच करवाए जा रहे है। जिसमें विशेष रूप से शहरी खिलाड़ियों के साथ-साथ ग्रामीण अंचल के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
आज के मैचों में रेवाराम बनवारी, वसीम खान, राशिद खान, योगेश चंद्रवंशी, सुधीर ताम्रकार, आनंद गिरीपुंजे, शहादत खान, महेश डोंगरे ने अंपायर, स्कोरर व कामनट्रेटर के रूप में अपनी भूमिका निभाई। 18 नवंबर को सतपुड़ा क्लब विरूद्ध न्यू राजेश स्टॉर, आर एक्स 11 गुरैया विरूद्ध सतपुड़ा बॉयज 2, एक्सीलेंस लॉयन विरूद्ध दिशांत इलेवन के मध्य मैच खेले जाएंगे। खेल समिति के संयोजक अंकित सोलंकी एवं श्रेय जैन ने बताया कि सांसद महोदय की मंशानुरूप क्रिकेट की प्रतियोगिता प्रारंभ हो गई है जो कि जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही है। साथ ही बताया कि क्रिकेट स्पर्धा के पंजीयन की अंतिम तिथि आज 18 नवंबर के शाम 5 बजे तक रहेगी।
बेडमिंटन कोच एवं आयोजन समिति सदस्य जावेद खान ने बताया कि पंजीयन फॉर्म का वितरण निरंतर ओलंपिक संघ कार्यालय, सांसद कार्यालय बॉस्केटबॉल संघ कक्ष से जारी है। आज ओलंपिक संघ से 342 फॉर्म खिलाड़ियों को वितरित किए गए। समिति के प्रभारी जगेन्द्र अल्डक ने बताया कि अन्य खेलों के खिलाड़ी अपना पंजीयन ऑनलाईन लिंक के माध्यम से भी 2 दिसंबर तक करवा सकते है। इस वर्ष 32 खेलों का महाकुंभ 5 दिसंबर से 18 दिसंबर के मध्य छिन्दवाड़ा नगर एवं जिले के विभिन्न खेल भवन एवं मैदानों में आयोजित किया जा रहा है। यह पूरी स्पर्धा सांसद महोदय के निर्देश में निःशुल्क रखी गई है।