Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अधिकारियों और बाबूओं की हीलाहवाली से जनसुनवाई पर दबाव

अधिकारियों और बाबूओं की हीलाहवाली से जनसुनवाई पर दबाव
छिंदवाड़ा
17-Nov-26
छिन्दवाडा अपडेट

तहसील और ब्लाक मुख्यालय में पदस्थ विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बाबूओ की हीलाहवाली का नतीजा है दूर-दूराज से लोगों का जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचना। बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगवाने वाले बाबूओं के कारण दूर-दराज के लोंगो को पैसे खर्च कर जिला मुख्यालय की जनसुनवाई में आना पड़ता है। कई बार तो जनसुनवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी लोगों की समस्याएं हल नहीं हो पाती है। 

वरिष्ठ अधिकारियों ने सुनी 207 आवेदकों की समस्यायें

मंगलवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने जनसुनवाई में 207 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

इन्होंने भी सुनाई अपनी समस्याएं

कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम खकराचौरई के अरविंद चन्द्रवंशी ने आवासीय पट्टे में संयुक्त नाम दर्ज करने, ग्राम भालपानी के रामसिंग इनवाती ने भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम भानादेही के प्रदीप इंदौरकर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत आवासीय क्षेत्रफल में सुधार कार्य कराने, ग्राम मोरखा की श्रीमती कविता चन्द्रवंशी ने कामधेनु योजना से डेयरी हेतु फाइनेंस कराने, ग्राम महलपुर के साहेबराव ने 24 घण्टे बिजली उपलब्ध कराने, ग्राम सिंगोड़ी के रोआप सिंग बनवारी ने ड्रोन सर्वे में मकान दर्ज कराने, अमरवाड़ा के प्रदीप सरेठा ने पीएम आवास योजना 2.0 शहरी का लाभ दिलाने, परासिया के आशीष रसेला ने पीएम आवास में स्थायी विद्युत कनेक्शन दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के चंदनगांव की श्रीमती आशा बाई चौहान ने आर्थिक सहायता दिलाने, नगर के कुकड़ा जगत के हंसराम अहरवार ने नल में पानी नहीं आने की समस्या का निराकरण करने एवं छिंदवाड़ा नगर के गुलाबरा के महेन्द्र कुमार सोनी ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र में सुधार कराने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये। 
Share News On