जनता के सम्मान और सुविधाओं के लिए हुआ है टोली का गठन: धर्मेंद्र मिगलानी
राजनीति
17-Nov-26
टोली पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामने आए

छिंदवाड़ा अपडेट
नगर पालिक निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा की विकास टोली के गठन पर उठाए जा रहे सवालों पर कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसे शहर के विकास की चिंता है या विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से परेशानी है? जब शहर के विकास को गति देने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और नगर निगम की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए पहल की जा रही है, तो कांग्रेस को आपत्ति क्यों हो रही है?
उन्होंने कहा कि विकास टोली कोई समानांतर नगर निगम नहीं है और न ही यह महापौर की जिम्मेदारियों का विकल्प है। यह भाजपा संगठन की एक सकारात्मक पहल है। महापौर स्वयं इस टोली के सदस्य हैं। ऐसे में इसे महापौर के अपमान अथवा उनकी शक्तियों को सीमित करने से जोड़ना उचित नहीं है। महापौर का अपमान नहीं, बल्कि शहर की जनता के सम्मान और सुविधाओं को ध्यान में रखकर इस टोली का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह भी समझना चाहिए कि जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बेहतर सुविधाएं चाहिए। जनता को आरोप-प्रत्यारोप नहीं, स्वच्छ पेयजल चाहिए। बेहतर सड़कें, नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था और व्यवस्थित नगर प्रशासन चाहिए। जब इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कोई पहल की जा रही है, तब उसका स्वागत करने के बजाय उसमें राजनीतिक मीनमेख निकालना समझ से परे है।
श्री मिगलानी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है जितनी सत्ता पक्ष की। लेकिन विपक्ष का दायित्व केवल कमियां गिनाना, आरोप लगाना और हर पहल पर सवाल खड़े करना नहीं है। विपक्ष का वास्तविक दायित्व है कि वह जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाए, रचनात्मक सुझाव दे और विकास कार्यों में सहयोग करे। एक सकारात्मक विपक्ष व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब विपक्ष सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाता है, तब विकास की प्रक्रिया को नई दिशा और गति मिलती है। इसके विपरीत, जब हर पहल को राजनीतिक विरोध के चश्मे से देखा जाता है, तब सार्थक संवाद और विकास दोनों प्रभावित होते हैं।
नगर निगम पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी ने कहा कि छिंदवाड़ा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हम सबका शहर है। इसका विकास भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भाजपा शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस को भी विरोध की राजनीति से ऊपर उठकर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामने आना चाहिए, क्योंकि शहर का विकास किसी एक दल की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शहर की आवश्यकता और जनता के प्रति हम सभी का दायित्व है।