दिल्ली की बैठक में नए इथेनॉल प्लांट शुरू करने पर दिया जोर
राजनीति
17-Nov-26
सांसद ने छिंदवाड़ा के इथेनॉल व जैव ईंधन को लेकर रखे अपने सुझाव

छिन्दवाड़ा अपडेट
संसद की महत्वपूर्ण कमेटी उपभोक्ता मामले, खाद और सार्वजनिक वितरण की बैठके लगातार आयोजित की जा रही हैं। इस महत्वपूर्ण कमेटी में बतौर सदस्य सांसद बंटी विवेक साहू लगातार शामिल होकर अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत कर रहे है। पूर्व में हुई बैठकों में सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा दिए गए सुझाव पर कमेटी ने अमल करते हुए उसे देष भर में लागू भी किया है। मंगलवार को संसद भवन दिल्ली में कानीमोजी करूणानिधि की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सांसद बंटी विवेक साहू ने कमेटी के समक्ष इथेनॉल व जैव ईंधन को लेकर अपने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी कमेटी के समक्ष रखे।
सांसद बंटी विवेक साहू ने उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण स्थाई समिति की बैठक में भाग लिया और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। सांसद ने मक्का, चीनी और गन्ने से इथेनॉल उत्पादन संभावना और चुनौतियां, पेट्रोलियम और पेट्रोलियम उत्पादों के विशेष संदर्भ में अनिवार्य वस्तुओं की उपलब्ध सुनिश्चित करने के साथ ही उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और खाद्य सुरक्षा के मुद्दों पर जोर दिया। बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि देश भर में सबसे अधिक मक्के का उत्पादन छिन्दवाड़ा जिले में होता है। इथेनॉल बनाने में मक्के का अधिक उपयोग किया जाता है। जिसे देखते हुए छिन्दवाड़ा में नए इथेनॉल प्लांट खोले जाने चाहिए। छिन्दवाड़ा में नए इथेनॉल प्लांट खुलने से यहा के मक्के का सही उपयोग हो सकेगा और किसानों को भी मक्के का उचित मूल्य मिलेगा।
बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि जैव-ईंधन कार्यक्रम की सफलता का मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि पेट्रोल में कितना इथेनॉल मिलाया गया। सफलता तभी मानी जाएगी जब ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित हो, किसान को उसकी उपज और कृषि-अवशेष का उचित मूल्य मिले, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़े और उपभोक्ता को सुरक्षित एवं मानक-अनुरूप ईंधन उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि मेरा आग्रह है कि मंत्रालय समिति को अद्यतन एवं राज्यवार आंकड़े उपलब्ध कराए, गुणवत्ता जांच और प्रवर्तन की जवाबदेही स्पष्ट करे, झारखंड जैसे राज्यों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाए तथा इन सभी विषयों पर समयबद्ध वार्षिक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित, पारदर्शी और किसान एवं उपभोक्ता हितैषी जैव-ईंधन व्यवस्था स्थापित करना होना चाहिए। बैठक के दौरान कमेटी के सभी सदस्य और पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।