राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए शिमला रवाना हुई टीम
खेल
10-Jun-26
भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं
छिंदवाड़ा
राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एलीट प्रो बास्केटबॉल एकेडमी की टीम बुधवार को शिमला के लिए रवाना हुई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और विजय की कामना के साथ टीम ने प्रस्थान से पूर्व भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं से भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाजपा जिला कार्यालय में टीम का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला महामंत्री विजय पांडे, कमलेश उइके, कार्यालय मंत्री भारत घई, धर्मेन्द्र मिगलानी एवं संजय पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता का विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एलीट प्रो बास्केटबॉल एकेडमी की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेगी। उन्होंने कहा, “कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें। पूरा छिंदवाड़ा आपकी सफलता और विजय की कामना कर रहा है।” भाजपा के सभी पदाधिकारियों ने टीम को प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए ‘विजयश्री’ प्राप्त करने की कामना की।
इस अवसर पर एकेडमी के खिलाड़ी अमन धुर्वे, अनुज वर्मा, गणेश मालवीय, कृष्णा शर्मा, निशांत हरजानी, पलक वडिवा, कनक गौतम, रौनक अफरोज, कृतिका इंगले, अन्या पटेल, सिमरन चौहान, सुजैन, वंशिका पवार, मानसी पवार एवं शिवानी धुर्वे उपस्थित रहीं। साथ ही कोच प्रशांत भाबरकर एवं टीम मैनेजर सिद्धांत अलडक भी मौजूद रहे। एकेडमी के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने इस प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।