प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा लोकतंत्र का नया इतिहास: शेषराव यादव
राजनीति
10-Jun-26
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगातार सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का नया रिकॉर्ड स्थापित करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे देश की जनता के विश्वास, विकास और सुशासन की ऐतिहासिक विजय बताया है।
श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में देश को विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के नए आयाम प्रदान किए हैं। यही कारण है कि देश की जनता ने लगातार तीन बार उन्हें अपना नेतृत्व सौंपा और आज उन्होंने लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं और विश्वास की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ है, देश की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों पर पहुंची है तथा गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के संकल्प की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह रिकॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति को समर्थन दे रही है। श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक सशक्त भूमिका निभाएगा तथा विकसित भारत-2047 का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त करेगा।