कांग्रेस सेवादल ने राजीव भवन में की जिला स्तरीय बैठक
राजनीति
10-Jun-26
सेवादल कार्यकर्ता निष्ठा के साथ संगठन विस्तार एवं जनसेवा में जुटेंगे: वाजपेयी
छिन्दवाड़ा
राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस सेवादल की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनहित के मुद्दों और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा एवं मंथन किया गया। आगामी समय में कांग्रेस की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि कांग्रेस सेवादल पार्टी की रीढ़ है, जो संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य करता है। आवश्यकता है कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए। संगठन की मजबूती ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सबसे बड़ा जवाब होगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सेवादल केवल एक संगठन नहीं बल्कि कांग्रेस की विचारधारा को समाज तक पहुंचाने वाला सशक्त माध्यम है। कार्यकर्ताओं को अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाकर जनआंदोलनों में प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि सेवादल के कार्यकर्ता पार्टी की ताकत हैं और हर परिस्थिति में संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं। हमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं एवं महिलाओं को अधिक से अधिक जोड़ने की दिशा में कार्य करना होगा। जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की आवाज को और अधिक बुलंद बनाना समय की मांग है।
कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दीपक वाजपेयी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करना और आगामी कार्यक्रमों की ठोस कार्ययोजना तैयार करना था। सेवादल कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन विस्तार एवं जनसेवा के कार्यों में जुटेंगे।
आयोजित बैठक को महिला कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष डॉ. शबाना यास्मीन खान, कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष पंचम अमरोदे, नगर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष बलराम सिंह चौहान व जिलेभर से आए ब्लॉक अध्यक्षों ने भी सम्बोधित किया। अंत में कांग्रेस सेवादल प्रभारी राकेश मरकाम ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।